जम्मू कश्मीर के युवा आज रणजी ट्रॉफी की सफलता से बना रहे पहचान : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
अविनाश
- 06 Jul 2026, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
(तस्वीरों के साथ)
जम्मू, छह जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि कभी जम्मू-कश्मीर के युवाओं की पहचान पथराव करने के लिए होती थी, लेकिन आज वे क्रिकेट में अपनी उपलब्धियों के लिए पहचाने जा रहे हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर की सफलता को क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताया।
नितिन नवीन सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका जम्मू कश्मीर का पहला दौरा है, जहां वह पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ''जम्मू कश्मीर के युवाओं की पहचान कभी पथराव करने वालों के रूप में होती थी, लेकिन आज यही युवा रणजी ट्रॉफी विजेता जम्मू कश्मीर टीम के खिलाड़ियों के रूप में जाने जाते हैं।''
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशवासियों की सुरक्षा और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा देश के खिलाफ किसी भी ''शत्रुतापूर्ण मंशा'' का मजबूती से जवाब दिया है।
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों को सुरक्षित जीवन देने का संकल्प लिया है। जब भी किसी ने यहां दुर्भावनापूर्ण इरादों से काम किया है, उन्होंने उसका करारा जवाब दिया है।''
जम्मू के सतवारी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ के साथ पहुंचे नवीन का स्वागत केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, जम्मू कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर, पुष्पवर्षा और गुलदस्ते भेंट कर भाजपा अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
हवाई अड्डे से निकलने के तुरंत बाद नितिन नवीन जम्मू के बाहरी क्षेत्र मिश्रीवाला पहुंचे। वहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।
भाजपा अध्यक्ष ने डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक योगदान के सम्मान में देशभर में दो वर्षों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''आज यदि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है तो यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अतुलनीय बलिदान का परिणाम है।''
बाद में, नवीन ने भाजपा के त्रिकुटा नगर स्थित कार्यालय में पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला महासचिवों के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और केंद्र शासित प्रदेश में जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने की भावी रणनीति पर चर्चा की।
शाम को उन्होंने जम्मू के ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने जम्मू कश्मीर भाजपा की कोर ग्रुप की उच्चस्तरीय बैठक में भी भाग लिया।
भाषा गोला अविनाश
अविनाश
0607 2207 जम्मू