झारखंड: भाजपा ने जमशेदपुर में करणी सेना नेता की हत्या की सीबीआई जांच की मांग की
दिलीप
- 04 Jul 2026, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
सरायकेला (झारखंड), चार जुलाई (भाषा) भाजपा की झारखंड इकाई ने शनिवार को करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित एक बार में 27 जून की रात कथित तौर पर छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पुलिस वाहन से हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह को बाहर खींचकर उन पर हमला कर दिया था। इस मामले में अब तक तीन नाबालिगों सहित कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष पांच आरोपियों की तलाश जारी है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, ''करणी सेना के नेता की हत्या की जांच के मामले में राज्य की जनता का सरकार और पुलिसकर्मियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए।''
साहू ने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और पूर्व विधायक अमर बाउरी सहित अन्य नेताओं के साथ जमशेदपुर के निकट आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ''अपराधियों की समानांतर सरकार'' चल रही है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, '' पुलिस के गश्ती वाहन से दो युवकों को बाहर खींचकर उनपर धारदार हथियारों से हमला किया गया और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।''
साहू ने कहा कि इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह कोलकाता के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
उन्होंने घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, उन्हें सेवा से बर्खास्त करने और जेल भेजने की मांग की।
साहू ने कहा, ''जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो अपराधियों पर लगाम कौन लगाएगा और आम जनता किस पर भरोसा करेगी?''
भाजपा ने 27 जून की घटना के विरोध में शुक्रवार को जमशेदपुर और आदित्यपुर में बंद का आह्वान किया था।
उन्होंने कहा, ''बंद को लोगों का स्वतःस्फूर्त समर्थन मिला। घटना के विरोध में शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, सड़कों पर वाहन नदारद रहे और कारोबारी प्रतिष्ठान भी बंद रहे।''
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी पूरे राज्य में बंद का आह्वान करेगी।
साहू ने कहा कि उन्होंने हिमांशु सिंह के परिजनों को झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने की सलाह दी है, क्योंकि ''उन्हें वहीं से न्याय मिलने की उम्मीद है।''
उन्होंने कहा कि वह जल्द ही हिमांशु सिंह के परिजनों के साथ राज्यपाल से भी मुलाकात कर न्याय की मांग करेंगे।
साहू ने कहा कि जिस बार में घटना हुई, उसके मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह हैं, लेकिन यह प्रतिष्ठान राज्य सरकार से प्राप्त वैध लाइसेंस के साथ संचालित हो रहा था।
उन्होंने कहा, ''घटना बार के बाहर हुई, तो उसके मालिक को इसमें कैसे घसीटा जा सकता है? पुलिस को निर्दोष लोगों को फंसाने के बजाय असली आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।''
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
0407 2111 सरायकेला