गाजा में इजराइली हवाई हमले में एक बच्चे समेत तीन फलस्तीनियों की मौत
माधव
- 29 Jun 2026, 09:29 PM
- Updated: 09:29 PM
दीर अल-बलाह, 29 जून (एपी) गाजा पट्टी के मध्य क्षेत्र में विस्थापित लोगों के एक तंबू पर सोमवार को इजराइली सुरक्षाबलों द्वारा किए गए हमले में कम से कम तीन फलस्तीनी मारे गए। मृतकों में आठ वर्षीय एक बच्चा और उसका दादा भी शामिल हैं। चिकित्सा अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन से किया गया यह हमला मध्य गाजा के अपेक्षाकृत कम क्षतिग्रस्त शहर दीर अल-बलाह के एक इलाके में हुआ।
अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने बताया कि मृतकों में हसन अल-हनागरा, उनका आठ वर्षीय पोता मलिक अबू शाविश तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार मलिक अबू शाविश के माता-पिता अलग हो चुके हैं और वह हमले के समय अपनी मां के तंबू में मिलने गया हुआ था। हमले में उसकी मां समेत सात लोग घायल हुए हैं।
इजराइली सेना ने कहा कि हमले का निशाना एक चरमपंथी था, हालांकि उसने तत्काल उसकी पहचान उजागर नहीं की और न ही यह बताया कि वह मारा गया या नहीं।
इजराइली सेना ने बताया कि रविवार को दक्षिणी गाजा में किए गए एक अन्य हमले में जाहिर अबू सलेम मारा गया, जिसे सेना ने इस्लामिक जिहाद का सदस्य बताया। सेना के अनुसार, वह सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हुए हमले में शामिल था, जिसके बाद यह युद्ध शुरू हुआ।
गाजा में रविवार को इजराइली हमलों की श्रृंखला में कुल चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें 13 वर्षीय एलीन अल-फर्रा भी शामिल थी, जिसकी मौत इजराइली टैंक की गोलाबारी से निकले छर्रे लगने से हुई। उसे सोमवार को दफनाया गया।
अक्टूबर में युद्धविराम लागू होने के बाद बड़े पैमाने पर लड़ाई कम हो गई है, लेकिन गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इजराइली सेना लगभग प्रतिदिन हवाई हमले कर रही है। युद्धविराम लागू होने के बाद अब तक 1,045 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 360 से अधिक महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
इजराइल का कहना है कि वह चरमपंथियों को निशाना बना रहा है और उसके अनुसार ये चरमपंथी गाजा पट्टी के 60 प्रतिशत से अधिक हिस्से में तैनात इजराइली सैनिकों पर हमले की योजना बना रहे थे। युद्धविराम के बाद चरमपंथियों के हमलों में पांच इजराइली सैनिक भी मारे गए हैं।
हमास के नेतृत्व वाली सरकार के अधीन गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइल की सैन्य कार्रवाई में अब तक 73,058 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इनमें युद्धविराम लागू होने के बाद मारे गए लोग भी शामिल हैं।
सात अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमले में इजराइल में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था।
इस बीच, इजराइली सुरक्षाबलों ने कब्जे वाले पश्चिमी तट के विभिन्न इलाकों में भी छापेमारी की। रामल्लाह के निकट हुई एक कार्रवाई में पूर्वी यरुशलम के 15 वर्षीय एक फलस्तीनी किशोर की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
इजराइली सेना ने इस संबंध में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। फलस्तीनी समाचार एजेंसी 'वफा' के अनुसार, सोमवार को रामल्लाह सहित पश्चिमी तट के कम से कम छह स्थानों पर इजराइली सेना ने छापेमारी की।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय के अनुसार, इस वर्ष अब तक पश्चिमी तट में इजराइली सैनिकों और यहूदी बस्तियों के निवासियों की हिंसा में कम से कम 59 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।
एपी रवि कांत रवि कांत माधव
माधव
2906 2129 दीर अल-बलाह