ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में विशेष अभियोजक नियुक्त किया जाएगा : मंत्री चेन्निथला
सुरेश
- 28 Jun 2026, 08:48 PM
- Updated: 08:48 PM
अलप्पुझा (केरल), 28 जून (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. से जुड़े एक तलाशी अभियान के दौरान माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर कथित हमले के मामले में एक विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) नियुक्त किया जाएगा।
यह फ़ैसला एक आरोपी को जमानत मिलने पर हुए विवाद के बाद लिया गया है।
आरोप है कि जिला अदालत में सरकारी वकील जमानत अर्ज़ी का विरोध करने में नाकाम रहे थे।
पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम ने वीणा टी. से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत तिरुवनंतपुरम में उस किराये के मकान पर छापे मारे थे, जहां पिनराई विजयन ठहरे हुए थे।
माकपा कार्यकर्ताओं ने छापे के बाद लौट रहे ईडी अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के वाहनों को कथित तौर पर रोक लिया और उनमें तोड़फोड़ की।
इस मामले में करीब 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और माकपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
लोक अभियोजक टी. गीना कुमारी उस समय विवादों में आ गईं, जब उन्होंने जिला अदालत में मामले के नौवें आरोपी हरीश कुमार की जमानत याचिका का कथित तौर पर विरोध नहीं किया।
पुलिस का दावा है कि उसने जमानत का विरोध करने के 13 आधार वाला एक प्रतिवेदन अदालत में प्रस्तुत किया था।
इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में स्वयं को पक्षकार बनाने के लिए अदालत का रुख किया और आरोपी को मिली जमानत को चुनौती देते हुए केरल उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर की।
इन घटनाक्रमों के बाद पुलिस ने लोक अभियोजक के खिलाफ राज्य के पुलिस प्रमुख से शिकायत की, जिसके उपरांत अभियोजन महानिदेशक टी. आसफ अली ने गीना कुमारी से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी।
पत्रकारों से बातचीत में चेन्निथला ने ईडी अधिकारियों पर हुए हमले को गंभीर मामला बताया।
उन्होंने कहा, ''हम उस लोक अभियोजक को हटाने पर विचार कर रहे हैं, जिसने आरोपी को जमानत दिलाने में मदद की। उनकी जगह महाधिवक्ता और अभियोजन महानिदेशक की सिफारिश पर एक विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाएगा।''
चेन्निथला ने कहा कि यह नियुक्ति रविवार को ही की जाएगी और विशेष लोक अभियोजक इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में पेश होंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को सत्ता संभाले अभी केवल एक महीना हुआ है और नए लोक अभियोजकों की नियुक्ति की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, "लेकिन इस मामले में हमने विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला किया है। इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।"
गीना कुमारी कॉलेज के दिनों में माकपा के छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़ी रही थीं।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश
2806 2048 अलप्पुझा