मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दे रहे पूर्वोत्तर राज्य : अधिकारी
वैभव
- 26 Jun 2026, 11:53 AM
- Updated: 11:53 AM
कोहिमा, 26 जून (भाषा) नगालैंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रुपिन शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के पुलिस बल मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एक समन्वित रणनीति को अंतिम रूप दे रहे हैं और अगले 10 दिन के भीतर इस योजना को ठोस रूप दिए जाने की उम्मीद है।
नशीले द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा कि हाल में पूर्वोत्तर राज्यों के सभी पुलिस महानिदेशकों और मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल के प्रमुखों ने राज्य सीमाओं के पार सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से निपटने के लिए एक साझा रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से बैठक की थी।
उन्होंने कहा, ''पिछले दो सप्ताह में पूर्वोत्तर राज्यों के सभी डीजीपी और मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल के प्रमुख एक साथ आए हैं। हम मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एक साझा और समन्वित रणनीति विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं।''
नगालैंड के पुलिस महानिदेशक के अनुसार, इस समन्वित व्यवस्था के लागू होने के बाद विभिन्न राज्यों के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बच निकलना काफी मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा, ''रणनीति पहले से तैयार की जा रही है, लेकिन अगले लगभग 10 दिन में इसे अंतिम रूप मिल जाएगा और भविष्य में इसके बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।''
महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के उपायों के संबंध में शर्मा ने कहा कि नगालैंड पुलिस प्रमुख शहरों में चेहरा पहचान तकनीक, निगरानी कैमरे तथा सीसीटीवी प्रणाली स्थापित करने की योजना बना रही है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले अपराधों को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि परिवारों या घरों के भीतर होने वाले यौन उत्पीड़न के मामलों को रोकना अक्सर कठिन होता है।
शर्मा ने पीड़ितों और उनके परिजनों से ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि शिकायतों की संख्या में वृद्धि इस बात का संकेत है कि लोगों का कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर विश्वास बढ़ रहा है।
मणिपुर की राजधानी इंफाल में भी नशीले द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर पुलिस ने 10 किलोमीटर लंबी जागरुकता दौड़ आयोजित की जिसमें पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह समेत करीब 1,650 लोगों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई।
भाषा गोला वैभव
वैभव
2606 1153 कोहिमा