शाह ने राष्ट्रवादी मूल्यों, सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता के लिए बंगाल के पूर्व राज्यपाल की तारीफ की
अविनाश
- 25 Jun 2026, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
(सुदीप्तो चौधरी)
कोलकाता, 25 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस को पत्र लिखकर राष्ट्रवादी मूल्यों, सुशासन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है।
शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के तौर पर बोस ने राज्य के लोगों की भलाई और तरक्की के लिए लगातार काम किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने पत्र में विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की "ऐतिहासिक जीत" का भी ज़िक्र किया और कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हासिल हुई।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, बोस ने केरल से बृहस्पतिवार को 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि चुनावी नतीजे लोकतांत्रिक सिद्धांतों और असरदार नेतृत्व का नतीजा हैं।
बोस ने चुनाव से पहले अचानक राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था।
शाह ने बोस को पत्र में लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत पर मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं। इस जीत में आपका योगदान राष्ट्रवादी मूल्यों, सुशासन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।''
शाह ने कहा कि बोस की निष्ठा, लगन और प्रतिबद्धता हमेशा साफ़ तौर पर दिखाई देती रही है।
उन्होंने पत्र में लिखा, ''जनसेवा में आपकी लंबे समय से चली आ रही, लगनशील और सक्रिय भूमिका मिसाल कायम करने वाली और प्रेरणादायक रही है। एक बार फिर, मैं आपको इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं और आपके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और निरंतर सफलता की कामना करता हूं।''
छह जून 2026 के पत्र की प्रति 'पीटीआई' के पास उपलब्ध है, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के 'लेटरहेड' पर जारी किया गया था। यह पत्र केरल में बोस के आवास पर भेजा गया था।
बोस ने कहा कि चुनावी नतीजे लोकतांत्रिक सिद्धांतों और प्रभावी नेतृत्व का प्रतिबिंब हैं।
बोस ने कहा, "यह लोकतंत्र की जीत है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेहतरीन नेतृत्व का नतीजा है। इससे पता चलता है कि गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया को किस प्रकार सुचारू रूप से संचालित किया। आखिरकार, यह बंगाल की आम जनता की जीत है।''
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी बोस ने तीन साल से कुछ ज़्यादा समय तक पश्चिम बंगाल के 21वें राज्यपाल के तौर पर काम किया।
उन्हें 17 नवंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। बोस ने बिना कोई कारण बताए इस साल पांच मार्च को अचानक इस्तीफ़ा दे दिया।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
2506 2226 कोलकाता