सोना 2,800 रुपये टूटा, चांदी 5,000 रुपये कमजोर
अजय
- 25 Jun 2026, 09:05 PM
- Updated: 09:05 PM
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट और डॉलर में मजबूती के कारण निवेशकों की इन धातुओं में दिलचस्पी कम हुई, जिससे यह गिरावट का दौर जारी रहा।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,800 रुपये घटकर 1,45,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के तीन महीने के निचले स्तर पर आ गई। पिछले सत्र में यह 1,48,100 रुपये थी।
चांदी में भी कमजोरी आई और इसकी कीमत 5,000 रुपये घटकर 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जो छह महीने का निचला स्तर है। पिछले सत्र में चांदी 2,31,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी की कीमतें 24 दिसंबर, 2025 को भी इसी स्तर के आसपास थीं, जब इसका कारोबार 2,27,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर हुआ था।
विश्लेषकों का कहना है कि कीमती धातुओं की कीमतें बड़ी गिरावट में फंसी हुई हैं क्योंकि निवेशक कीमती धातुओं के बजाय डॉलर को प्राथमिकता दे रहे हैं।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''बृहस्पतिवार को घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि मजबूत डॉलर और लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरें बने रहने की संभावना से कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा।''
यह कमजोरी विदेशी बाजारों में भी दिखी, जहां हाजिर सोना नवंबर, 2025 के बाद पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे आ गया।
सोने की कीमत 21.15 डॉलर या 0.53 प्रतिशत गिरकर 3,978.06 डॉलर प्रति औंस रह गई। पिछले साल छह नवंबर को भी कीमतें इसी स्तर के आसपास थीं, जब यह 3,977.15 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थीं।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस विभाग के प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ''विदेशी बाज़ार में हाजिर सोना 3,980 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। कीमती धातुओं में कई साल से जारी तेज़ी में अचानक बड़ी गिरावट आई है, जिससे कुछ चीनी बैंकों को खुदरा स्वर्ण व्यापार से जुड़ी अपनी सेवाओं को कम करना पड़ा है।''
विदेशी बाज़ार में हाजिर चांदी भी 0.56 प्रतिशत गिरकर 57.10 डॉलर प्रति औंस के छह महीने के निचले स्तर पर आ गई।
निवेशक अमेरिका के नए आर्थिक आंकड़ों का भी इंतज़ार कर रहे हैं, जिनसे ब्याज दरों और मुद्रा बाजार को लेकर उम्मीदें तय हो सकती हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
2506 2105 दिल्ली