कोटा अश्लील सामग्री मामला: पाकिस्तान से तार की पुष्टि नहीं, आरोपी का फोन फोरेंसिक में भेजा गया
नरेश
- 25 Jun 2026, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
कोटा, 25 जून (भाषा) राजस्थान के कोटा में कथित धर्मांतरण, अश्लील ऑनलाइन सामग्री और फर्जी सोशल मीडिया पहचान से जुड़े एक मामले में पुलिस ने अब तक पाकिस्तान से किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।
बजरंग दल के कार्यकर्ता योगेश रेनवाल ने 15 जून को विज्ञान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद यह मामला सामने आया।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रेम संबंधों का झांसा देकर हिंदू महिलाओं को फंसाया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी (सीआई) मुकेश मीणा ने बृहस्पतिवार को बताया कि शिकायत के अनुसार आरोपी मनीष शर्मा उर्फ मोहिन खान सोशल मीडिया पर कई समूहों से कथित रूप से जुड़ा हुआ था और इन समूहों में हिंदू महिलाओं को प्रेम संबंधों के जाल में फंसाने, उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने और बाद में उन वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने जैसे विषयों पर चर्चा होती थी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि शोषण के बाद महिलाओं पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डाला जाता था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1)(ए) और (बी), 299 तथा 352 के तहत मामला दर्ज किया।
इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66, 67 और 67ए के तहत भी मामला दर्ज किया गया, जो अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से संबंधित हैं।
कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र के निवासी मनीष शर्मा को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच उद्योग नगर थाना प्रभारी मंगलाल यादव को सौंपी गई है।
जांच अधिकारी मंगलाल यादव ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि अब तक की जांच में पाकिस्तान से किसी तरह का संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने विभिन्न वेबसाइटों और ऑनलाइन मंचों से अश्लील वीडियो डाउनलोड किए थे, जिनमें हिंदू देवी-देवताओं से जुड़ी कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी शामिल थी।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब तक आरोपी के मोबाइल फोन से स्थानीय महिलाओं या लड़कियों से संबंधित कोई वीडियो नहीं मिला है।
यादव ने बताया कि जब्त किए गए मोबाइल फोन को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक में भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही निष्कर्ष सामने आएंगे।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
2506 1918 कोटा