33 डिग्री तापमान में 'हुडी' पहने शख्स की संदिग्ध गतिविधियों से खुला केतन हत्याकांड का राज
सिम्मी
- 24 Jun 2026, 09:22 AM
- Updated: 09:22 AM
(संदीप कोल्हटकर)
पुणे, 24 जून (भाषा) पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी उस सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझी जिसमें 'हुडी' पहने एक शख्स केतन और उनकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करता नजर आया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में दिख रहे इस शख्स की पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करीब 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद एक व्यक्ति का 'हुडी' पहनकर घूमना उन्हें असामान्य लगा और उसकी संदिग्ध गतिविधियों और हाव-भाव ने भी जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा।
उन्होंने बताया कि यही वजह रही कि पुलिस ने केतन की मौत की गहराई से पड़ताल शुरू की। इस मौत का कारण शुरुआत में हादसा माना जा रहा था।
पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि 26 वर्षीय केतन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 18 जून को 'ट्रेकिंग' के दौरान सिया (20) और उसके प्रेमी चेतन (22) ने केतन को खाई में कथित तौर पर धक्का देकर मार डाला।
केतन अग्रवाल की इसी वर्ष सिया से सगाई हुई थी और 18 जून को वह लोहागढ़ किले में एक चट्टान से गिर गए थे। उस समय दुर्घटनावश हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया गया था। सिया ने भी केतन के परिजनों को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिससे वह खाई में जा गिरे।
मामले की जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य और परिस्थितियां सामने आईं जिन्होंने इस कथित हादसे पर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद हमने मामले की गहन पड़ताल शुरू की। जब किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई तो उसमें केतन और सिया एक साथ किले की ओर जाते दिखाई दिए जिससे जांच को एक महत्वपूर्ण दिशा मिली।"
फुटेज को बारीकी से खंगालने पर पुलिस की नजर एक ऐसे शख्स पर पड़ी, जो केतन और सिया से कुछ मीटर पीछे चल रहा था।
एक अधिकारी ने कहा, "उस व्यक्ति ने 'शॉर्ट्स' और 'हुडी' पहन रखी थी। 'हुडी' का अगला हिस्सा इतना नीचे कर रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके अलावा उसने 'हुडी' के ऊपर 'हेडसेट' भी लगा रखा था। एक अन्य फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय 'हुडी' पहने वह व्यक्ति भी अचानक बैठ जाता है। यह संयोग बेहद संदिग्ध लगा।"
अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने 18 जून को उस समय के तापमान का पता लगाया जो करीब 33 डिग्री सेल्सियस था और यह बात खटकी कि इतनी गर्मी में कोई व्यक्ति आखिर 'हुडी'क पहनकर क्यों घूम रहा था।
अधिकारी ने बताया कि सिया 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किला ले गई थी। आरोप है कि उस दिन उसने केतन को चट्टान से नीचे धक्का देने की कोशिश भी की लेकिन केतन ने समय रहते एक झाड़ी पकड़ ली और खुद को बचा लिया।
उन्होंने बताया कि जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने वहां सांप होने की बात कही और ऐसा जताने की कोशिश की कि वह उसे बचाने का प्रयास कर रही थी।
इन घटनाओं के सामने आने के बाद जांचकर्ताओं का शक और गहरा गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल संचार से जुड़े साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
अधिकारी के अनुसार, सिया के कॉल रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि वह एक व्यक्ति से लगातार संपर्क में थी, जिसकी पहचान बाद में उसके प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई।
अधिकारी के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने तथा स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस दलों ने चेतन का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की जिसके बाद सारा राज खुल गया।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी
2406 0922 पुणे