पंजाब के मुख्यमंत्री से जुड़े वायरल वीडियो विवाद के सिलसिले में दो लोग गिरफ्तार
पारुल
- 24 Jun 2026, 12:26 AM
- Updated: 12:26 AM
चंडीगढ़/गुरुग्राम, 23 जून (भाषा) हरियाणा पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करके दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री से संबंधित विवाद से जुड़े वायरल वीडियो की फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट की व्यवस्था कराने के लिए उससे संपर्क किया गया था।
यह घटनाक्रम एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर पैदा हुएराजनीतिक विवाद के बीच सामने आया है। इस मामले में सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त ने 15 जून को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ एक आदेश जारी किया था।
आदेश अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज के इस दावे के बाद जारी किया गया था कि दो फोरेंसिक प्रयोगशालाओं ने उस वीडियो को "प्रामाणिक" पाया है। वीडियो में कथित तौर पर भगवंत मान जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति नजर आ रहा है।
मान पहले ही इस वीडियो को खारिज कर चुके हैं और इसे उनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से किया गया "दुष्प्रचार" बता चुके हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने भी दावा किया था कि दो प्रयोगशालाओं की फोरेंसिक जांच में यह पता चला कि कथित आपत्तिजनक वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति भगवंत मान नहीं है।
'आप' की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने मंगलवार को हरियाणा पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि पुलिस भाजपा के नियंत्रण में है और "वे जो चाहें कर सकते हैं, कोई भी जांच शुरू कर सकते हैं और कोई भी आरोप लगा सकते हैं।"
गुरुग्राम में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, हरियाणा के सिरसा निवासी शिकायतकर्ता जसप्रीत ने आरोप लगाया है कि उस पर दबाव डाला गया, धमकाया गया और मजबूर किया गया कि वह वीडियो से संबंधित ऐसी फोरेंसिक रिपोर्ट की व्यवस्था करे, जिसका निष्कर्ष पहले से तय हो और वह निष्कर्ष यह हो कि वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाया और छेड़छाड़ किया गया है तथा उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति पंजाब का मुख्यमंत्री नहीं है।
शिकायत के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सिरसा में स्थित अग्रसेन कॉलोनी निवासी अरुण महेंद्रू (25) और हरियाणा के जींद जिले के खरक गागर निवासी अंकित (25) के रूप में हुई है।
शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने खुद को पंजाब सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए उससे संपर्क किया था।
हरियाणा पुलिस ने एक बयान में कहा, "शिकायतकर्ता से कथित तौर पर कहा गया कि वह वायरल वीडियो के संबंध में ऐसी फोरेंसिक रिपोर्ट की व्यवस्था करे, जो पहले से तय निष्कर्ष का समर्थन करे। इसमें वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान से इनकार किया जाए और वीडियो से जुड़े सभी आरोपों को झूठा बताया जाए।"
भाषा जोहेब पारुल
पारुल
2406 0026 चंडीगढ़/गुरुग्राम