प्रधानमंत्री 20 जून को 9.44 करोड़ किसानों को 18,880 करोड़ रुपये की किस्त जारी करेंगे
प्रेम
- 18 Jun 2026, 07:26 PM
- Updated: 07:26 PM
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल से 'पीएम-किसान योजना' के तहत किस्त जारी करेंगे, जिससे देश भर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसान लाभार्थियों को सीधे 18,880 करोड़ रुपये मिलेंगे।
यह अंतरण इस पूर्वी राज्य के हुगली जिले के तारकेश्वर में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान होगा।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अकेले पश्चिम बंगाल में 45.35 लाख से ज्यादा किसानों को कुल मिलाकर लगभग 907 करोड़ रुपये की किस्तें मिलेंगी।
चौहान ने एक बयान में कहा कि इसके साथ राज्य में इस योजना के तहत कुल वितरण 15,055 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा, जबकि वर्ष 2019 में इस योजना की शुरुआत के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर कुल वितरण 4.46 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।
चौहान ने कहा कि किसानों को राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए भेजी जाएगी, जिससे ''छोटे और सीमांत किसानों की आय सुरक्षा मजबूत होगी।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीआई) और पुनर्गठित मौसम-आधारित फसल बीमा योजना (आरडब्ल्यूबीसीआईएस) की भी शुरुआत करेंगे। इन योजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 12,200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026-27 के दौरान लगभग 30 लाख हेक्टेयर जमीन पर खेती करने वाले करीब 1.10 करोड़ किसानों को फसल बीमा कवच देना है, जिसमें लगभग 28,140 करोड़ रुपये मूल्य की फसलें शामिल होंगी।
डिजिटल कृषि मिशन के तहत, प्रधानमंत्री राज्य में 'एग्री-टेक' मंच शुरू करेंगे, जो उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, डीबीटी सेवाओं और एमएसपी-आधारित सरकारी खरीद के लिए एक एकीकृत मंच के रूप में काम करेगा।
मोदी राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की भी शुरुआत करेंगे जिसके तहत वर्ष 2026-27 के दौरान पश्चिम बंगाल में 17,300 हेक्टेयर में फैले 346 प्राकृतिक खेती 'क्लस्टर' स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से 43,250 किसानों को बायो-बेस्ड इनपुट, ट्रेनिंग और मार्केट लिंकेज का फायदा मिलने की उम्मीद है। इसमें बायो-रिसोर्स सेंटर और 'कृषि सखियों' का सहयोग मिलेगा।
वह पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झाड़ग्राम जिलों में 'प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना' भी शुरू करेंगे। इसका मकसद खेती की पैदावार बढ़ाना, फसलों में विविधता लाना और कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे (जैसे भंडारण और प्रसंस्करण सुविधाओं) को बेहतर बनाना है।
मोदी पीएमजीएसवाई-III के तहत 213 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जो 315 किलोमीटर से ज्यादा लंबी होंगी। इन सड़कों का मकसद ग्रामीण संपर्क सुविधा को बेहतर बनाना, किसानों को बाजार तक पहुँचने में मदद करना और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच आसान बनाना है।
इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के गवर्नर आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, अश्विनी वैष्णव, शांतनु ठाकुर और सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहेंगे।
देश भर से एक करोड़ से ज्यादा किसानों के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य कार्यक्रम से जुड़ने की उम्मीद है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम
1806 1926 दिल्ली