झारखंड : राज्यसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर सियासी सरगर्मी तेज
अविनाश
- 17 Jun 2026, 07:48 PM
- Updated: 07:48 PM
रांची, 17 जून (भाषा) झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव के एक दिन पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गयी और राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन 'इंडिया' और विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोनों के विधायक चुनावी रणनीति को धार देने के लिए अलग-अलग होटल में बैठकें कीं।
झारखंड से राज्यसभा चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिल अलायंस' (इंडिया) की तरफ से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम और कांग्रेस ने प्रणव झा को टिकट दिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी दौड़ में शामिल हैं।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया कि राजग विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा, "विपक्षी खेमे के कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर और व्यापक राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे।"
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा की दोनों सीट पर गठबंधन के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे
दूसरी ओर, भाजपा ने 'एक्स' पर राजग के 24 विधायकों की तस्वीर साझा की, जिसमें वे जीत का निशान बनाते हुए नजर आ रहे हैं। पार्टी ने लिखा, "राजग तैयार है, कांग्रेस किनारे हो जाएगी।"
झामुमो के पास एक सीट पर जीत पक्की करने के लिए पर्याप्त संख्या बल है, वहीं दूसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार और भाजपा समर्थित प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
नथवानी ने रांची के एक होटल में राजग नेताओं से मुलाकात की। बाद में उन्होंने कहा, "मैंने सभी विधायकों और पार्टियों से समर्थन मांगा है।"
उधर, कांग्रेस विधायकों ने एक दूसरे होटल में बैठक की, जहां उन्हें मतदान की प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
राज्य सरकार में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "यहां आखिरी तैयारियां की जा रही हैं। शाम को 'इंडिया' गठबंधन के सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास पर अंतिम रणनीति पर चर्चा के लिए मिलेंगे।"
मंत्री ने दोनों सीट पर 'इंडिया' उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी-लेनिनवादी लिबरेशन (भाकपा माले लिबरेशन) के नेताओं ने भी होटल में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की।
भाकपा (माले) लिबरेशन के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा, "मैं यहां शिष्टाचार भेंट के लिए आया था। हमारे सभी विधायक एकजुट हैं और हम दोनों सीटें जीतेंगे।"
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार को कम से कम 28 'पहली वरीयता' वाले वोट हासिल करने होंगे।
राज्य विधानसभा में भाजपा नीत राजग के 24 विधायक हैं, जबकि 'इंडिया' गठबंधन के कुल सदस्यों की संख्या 56 है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।
झारखंड में राज्यसभा की एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हो गई थी। दूसरी सीट पर चुनाव भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के मद्देनजर कराया जा रहा है।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश
1706 1948 रांची