विदिशा के बाद अब रायसेन में खुलेगा 'मामा कोचिंग क्लास': शिवराज
सुरभि
- 15 Jun 2026, 10:22 PM
- Updated: 10:22 PM
विदिशा (मध्यप्रदेश), 15 जून (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के रायसेन में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और निशुल्क तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'मामा कोचिंग क्लास' शुरू करने की घोषणा की।
चौहान ने हाल में विदिशा में एक 'मामा कोचिंग क्लास' आरंभ किया था। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में 'मामा' के नाम से मशहूर चौहान ने कहा कि इन संस्थानों में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक सहयोग ही नहीं, बल्कि करियर और रोजगार से जुड़ा समग्र मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
चौहान रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र के सिलवानी और गैरतगंज के दौरे पर थे। उन्होंने सिलवानी और गैरतगंज में आयोजित जन-कल्याण शिविर में शिरकत कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, ''युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विदिशा के बाद अब रायसेन में भी जल्द ही 'मामा कोचिंग क्लास' शुरू की जाएगी, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी।''
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल कोचिंग तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि करियर काउंसलिंग, स्वरोजगार के अवसर, बैंकिंग सहायता और रोजगार मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि हर युवा अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सके।
उन्होंने कहा, ''मेरे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बने और वो लगातार आगे बढ़ें। मैं चाहता हूं कि मेरे बच्चों के जीवन में नयी उम्मीदें और नए अवसर आएं ताकि उन्हें भविष्य को लेकर निराशा या असमंजस का सामना न करना पड़े।''
चौहान ने सिलवानी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाभार्थी के नवनिर्मित पक्के आवास का निरीक्षण किया और परिवार के साथ भोजन भी किया।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर सम्मान की दृष्टि से देख रही है और विकसित, आत्मनिर्भर व समृद्ध भारत के निर्माण का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा, ''हाल में विकसित देशों के सम्मेलन में छोटे किसानों के हितों की भारत द्वारा रखी गई बात को वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया गया, जो देश के लिए गर्व का विषय है।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, समृद्ध और सम्पन्न विकसित भारत का निर्माण हो रहा है।
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को अब तक 13 लाख से भी अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा।
मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री रहते उनकी सरकार द्वारा आरंभ की गई लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि इससे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है और भविष्य में इसकी राशि बढ़ाने का संकल्प भी कायम है।
भाषा ब्रजेन्द्र सुरभि
सुरभि
1506 2222 विदिशा