अंतरिक्ष से लेकर न्यूरोटेक्नोलॉजी तक फैला है एलन मस्क का कारोबारी साम्राज्य
दिलीप
- 13 Jun 2026, 07:49 PM
- Updated: 07:49 PM
न्यूयॉर्क, 13 जून (एपी) दुनिया में एक लाख करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति वाले पहले 'ट्रिलियनेयर' एलन मस्क का कारोबारी साम्राज्य कई क्षेत्रों में फैला हुआ है, जिसमें अंतरिक्ष, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), कृत्रिम मेधा (एआई), न्यूरोटेक्नोलॉजी और अवसंरचना शामिल हैं।
दुनिया के सबसे अमीर शख्स मस्क कई कंपनियों में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) या प्रमुख हिस्सेदार हैं और समय के साथ उनकी कई इकाइयां एक-दूसरे से जुड़ती भी गई हैं।
शुक्रवार को मस्क की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी एवं रॉकेट विनिर्माता स्पेसएक्स के अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के साथ ही वह एक लाख करोड़ (ट्रिलियन) डॉलर की संपत्ति वाले पहले व्यक्ति बन गए।
मस्क द्वारा वर्ष 2002 में स्थापित स्पेसएक्स अब केवल रॉकेट निर्माण कंपनी नहीं रह गई है। इसके तहत उपग्रह संचार सेवा स्टारलिंक संचालित होती है, जिसने पिछले वर्ष 4.4 अरब डॉलर का परिचालन लाभ दर्ज किया था।
स्पेसएक्स के साथ सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) और एआई क्षेत्र की एक्सएआई भी जुड़ी हुई हैं। हालांकि दोनों ही कंपनियां फिलहाल घाटे में चल रही हैं और एक्सएआई ने पिछले वर्ष 6.4 अरब डॉलर का परिचालन घाटा दर्ज किया।
इसके बावजूद स्पेसएक्स ने हाल ही में वॉल स्ट्रीट पर सूचीबद्ध होकर लगभग 2.1 लाख करोड़ डॉलर के बाजार मूल्य के साथ इतिहास का सबसे बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) दर्ज किया।
हालांकि, कुछ विश्लेषकों का मानना है कि यह मूल्यांकन कंपनी की वास्तविक क्षमता से अधिक हो सकता है, क्योंकि इसके कई लक्ष्य अभी तकनीकी रूप से साबित नहीं हुए हैं और इनको पूरा करने के लिए भारी निवेश की जरूरत होगी।
इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला में मस्क 2008 से ही सीईओ पद संभाल रहे हैं। कंपनी को हाल के वर्षों में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है और उसने दुनिया की सबसे बड़ी ईवी निर्माता कंपनी का दर्जा भी चीन की बीवाईडी के हाथों गंवा दिया है।
इसके अलावा, मस्क की राजनीतिक गतिविधियों के चलते कुछ बाजारों में बहिष्कार का असर भी टेस्ला की बिक्री पर पड़ा। हालांकि, बाद में इसमें आंशिक सुधार हुआ है।
मस्क का कहना है कि टेस्ला का भविष्य पारंपरिक कार बिक्री से आगे बढ़कर स्वचालित टैक्सी सेवाओं और रोबोटिक्स में होने वाला है। कंपनी सौर ऊर्जा क्षेत्र में भी सक्रिय है, जहां उसने सोलरसिटी के अधिग्रहण के बाद अपनी उपस्थिति मजबूत की है। टेस्ला का मौजूदा बाजार पूंजीकरण लगभग 1.5 लाख करोड़ डॉलर के आसपास है।
वर्ष 2016 में स्थापित न्यूरालिंक कंपनी मानव मस्तिष्क और कंप्यूटर के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की तकनीक पर काम कर रही है। कंपनी रीढ़ की हड्डी की चोट, एएलएस और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर क्लीनिकल परीक्षण कर रही है। इस वर्ष जनवरी तक दुनिया भर में इसके 21 प्रतिभागी परीक्षण में शामिल थे।
मस्क की एक अन्य इकाई 'द बोरिंग कंपनी' भूमिगत सुरंगों और परिवहन प्रणाली के विकास पर काम कर रही है। लास वेगास में 'वेगास लूप' जैसी परियोजनाएं इसी का हिस्सा हैं, जहां टेस्ला वाहनों के जरिए भूमिगत परिवहन सुविधा विकसित की जा रही है।
इस कंपनी ने दुबई और नैशविल जैसे शहरों में भी विस्तार की योजना बनाई है। हालांकि, इसे सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी मानकों को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
मस्क ने अपने कारोबारी सफर की शुरुआत जिप2 और पेपाल जैसे उद्यमों से की थी। उन्होंने इन कंपनियों की बिक्री से मिले लगभग 20 करोड़ डॉलर की पूंजी का इस्तेमाल बाद में स्पेसएक्स की स्थापना और टेस्ला में निवेश के लिए किया था।
एपी प्रेम प्रेम दिलीप
दिलीप
1306 1949 न्यूयॉर्क