केरल पुलिस ने नाटकीय घटनाक्रम के बाद भाजपा पार्षद को किया गिरफ्तार
सुभाष
- 10 Jun 2026, 02:49 PM
- Updated: 02:49 PM
तिरुवनंपुरम, 10 जून (भाषा) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 'केएएपीए' के तहत एहतियाती हिरासत का सामना कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पार्षद को नाटकीय घटनाक्रम के बाद गिरफ्तार कर लिया गया तथा पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने और संभावित हिंसा को टालने के लिए हवा में गोली चलाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम में वझोट्टुकोनम वार्ड के भाजपा पार्षद सुगाथन को मंगलवार देर रात उनके घर से हिरासत में लिया गया। इससे पहले, केरल उच्च न्यायालय ने मंदिर के एक उत्सव से जुड़े कथित मारपीट के मामले में उन्हें अग्रिम ज़मानत देने से इनकार कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, केरल असामाजिक गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (केएएपीए) के तहत हिरासत आदेश को तामील करने के लिए उसकी एक टीम सुगाथन के घर पहुंची, तभी कुछ लोगों के समूह ने अधिकारियों को घेर लिया और गिरफ्तारी में बाधा डालने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को हवा में गोली चलानी पड़ी, जिसके बाद सुगाथन को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बाद में अधिकारियों ने उनकी गिरफ्तारी दर्ज की, मेडिकल जांच कराई और जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि सुगाथन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा पूर्व में अदालत ने उन्हें पुलिस के समक्ष पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रहे थे।
मंगलवार रात हुई इस घटना के सिलसिले में सुगाथन और चार अन्य लोगों के खिलाफ़ एक नया मामला दर्ज किया गया। उन पर सरकारी कर्मचारियों से मारपीट करने और उनके काम में बाधा डालने का आरोप है।
नयी प्राथमिकी के मुताबिक, सुगाथन ने वट्टियूरकावु के पुलिस निरीक्षक और उपनिरीक्षक के साथ कथित तौर पर धक्कामुक्की की तथा उन पर हमला करने की कोशिश की। ये दोनों अधिकारी सुगाथन को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची टीम का हिस्सा थे।
वहीं, सुगाथन की पत्नी अश्वथी ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के उनके घर में घुसी, उनके साथ मारपीट की और उनके बच्चों को डराया-धमकाया।
अश्वथी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की और इस हंगामे के दौरान उनके आठ साल के बच्चे को धक्का दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि सुगाथन फरार नहीं थे और गिरफ्तारी के समय चेचक का इलाज करवा रहे थे।
इस बीच, वरिष्ठ भाजपा नेता और तिरुवनंतपुरम के महापौर वी.वी. राजेश ने सुगाथन को गिरफ्तार करने के तौर-तरीके की कड़ी आलोचना की। उन्होंने अत्यधिक बल प्रयोग किये जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा गिरफ्तार पार्षद को कानूनी सहायता और राजनीतिक समर्थन देगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्षद के परिवार से मिलेंगे और इस घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष
1006 1449 तिरुवनंतपुरम