ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले वोलवार्ट ने दक्षिण अफ्रीकी टीम से बेहतर खेल की मांग की
सुधीर
- 10 Jun 2026, 11:36 AM
- Updated: 11:36 AM
मैनचेस्टर, 10 जून (भाषा) दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में मिली हार के बाद अपनी टीम को रणनीतियों को बेहतर करने को कहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शनिवार को यहां होने वाले महिला टी20 विश्व कप मैच में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वे कोई कोताही नहीं दिखा सकते।
आयरलैंड के खिलाफ करीबी मुकाबले मे जीत दर्ज करने के बाद दक्षिण अफ्रीका को मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। अब उन्हें छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने खेल के स्तर को बेहतर करना होगा।
वोलवार्ट ने इस हार को दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए आंखें खोलने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले उन्हें अपनी रणनीतियों को बेहतर बनाना होगा।
आईसीसी ने वोलवार्ट के हवाले से कहा, ''हम दोनों (अभ्यास मैच) मैच जीतना चाहते थे लेकिन शायद टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले हमें इसी की जरूरत थी।''
उन्होंने कहा, ''यह आंखें खोलने वाला अनुभव था कि जीत आसानी से नहीं मिलेगी और हम गेंदबाजी में सिर्फ खानापूर्ति नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि हमारा मुकाबला एक बेहतरीन टीम से हुआ और उन्होंने (न्यूजीलैंड) बल्लेबाजी से हमें मात दी।''
वोलवार्ट आगे कहा, ''इसलिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के लिए हमें अच्छी रणनीतियां बनानी होंगी और उम्मीद है कि हम चीजों को अपने पक्ष में कर पाएंगे।''
हार की निराशा के बीच क्लो ट्रायोन ने सिर्फ 26 गेंद पर नाबाद 61 रन की जबरदस्त पारी खेलकर मैच में जान डाल दी। उन्होंने छह शानदार छक्के लगाए। इस ऑलराउंडर के सही समय पर बेहतरीन फॉर्म में आने से वोलवार्ट को लगता है कि ट्रायोन टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए 'एक्स फैक्टर' (मैच का रुख बदलने वाली खिलाड़ी) साबित हो सकती हैं।
वोलवार्ट ने कहा, ''वह शानदार थी। मुझे लगता है कि काफी समय से उन्होंने गेंद को इतने अच्छे तरीके से हिट नहीं किया था। वह गेंद की लाइन में आकर बहुत अच्छे से हिट कर रही थीं और जब वह इस फॉर्म में होती हैं तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल होता है।''
दूसरी तरफ गत चैंपियन न्यूजीलैंड की टीम अभ्यास मैच में दो जीत के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है और शनिवार को साउथम्पटन में 2016 के चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ खिताब बचाने के अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 61 रन की पारी खेलने वाली कप्तान मेली केर ने अपनी टीम को आगाह किया कि वे लापरवाही नहीं बरत सकतीं और जीत के साथ अभियान शुरू करने के लिए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
केर ने कहा, ''वेस्टइंडीज एक बेहतरीन टीम है और उनकी टीम में कुछ ऐसी खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच जिता सकती हैं।''
उन्होंने कहा, ''हमारे लिए यह एक बहुत बड़ा मैच है और हमें फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दोनों टीम शून्य से शुरुआत करेंगी और आप लापरवाही नहीं बरत सकते इसलिए मुझे लगता है कि बस उन चीजों पर ध्यान देना है जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं और अच्छा क्रिकेट खेलना है। हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका बखूबी निभानी होगी''
केर ने कहा, ''मुझे लगता है कि अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलें तो हमारे पास जीतने का अच्छा मौका होगा।''
भाषा सुधीर
सुधीर
1006 1136 मैनचेस्टर