कानपुर में 10 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
धीरज
- 09 Jun 2026, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
कानपुर (उप्र), नौ जून (भाषा) कानपुर से करीब 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह सफलता अपराध शाखा और रावतपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ़ चलाए जा रहे अभियान ''ऑपरेशन व्हाइट पाउडर'' के तहत प्राप्त किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी लियाकत अली (30) के तौर पर की गई है।
सूत्रों के मुताबिक अली ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत कई उत्तरी राज्यों में आपूर्ति करने जा रहा था। अपर पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि यह कामयाबी कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की लगातार नजर रखने और मादक पदार्थों के पिछले मामलों से जुड़े लोगों की तकनीकी निगरानी के बाद मिली।
रामटेके ने कहा, ''विश्लेषण के दौरान, हमें कानपुर से गुज़र रही गांजे की एक बड़ी खेप के बारे में खुफिया जानकारी मिली। तुरंत टीम सक्रिय की गईं।''
एडीसीपी ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक मादक पदार्थ लेकर आगरा, नोएडा, दिल्ली के रास्ते हरियाणा जा रहा है। तुरंत कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा और रावतपुर पुलिस ने पनकी के पास जाल बिछाया और वाहन का पीछा करना शुरू किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी का अंदाज़ा लगते ही ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे अवरोधक लगाकर गुरुदेव पैलेस के पास वाहन रोकने पर मजबूर किया गया।
तलाशी के दौरान, पुलिस ने कई पार्सल और बक्सों में छिपाकर रखा गया 600 किलोग्राम से ज़्यादा गांजा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार इन बक्सों में 10 किलोग्राम, आठ किलोग्राम, पांच किलोग्राम, तीन किलोग्राम और दो किलोग्राम वजन के पैकेट थे।
अपर आयुक्त पुलिस संकल्प शर्मा ने बताया कि ''ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत अब तक मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त करीब 100 आरोपियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। इस ताज़ा ज़ब्ती से पहले करीब 800 किलोग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे।''
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक गांजा की खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसकी आगरा, दिल्ली, नोएडा और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आपूर्ति की जानी थी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अली ने पर तीन और साथियों जमशेद, जावेद और जुनैद के नाम बताए, जिनके अंतर-राज्यीय तस्करी गिरोह का हिस्सा होने का शक है।
पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने और गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
धीरज
धीरज
0906 2025 कानपुर