असम भारत की अर्थव्यवस्था के केंद्र में आ रहा है: यूरोपीय संघ के राजदूत
सिम्मी
- 09 Jun 2026, 08:53 PM
- Updated: 08:53 PM
(तस्वीरों के साथ)
गुवाहाटी, नौ जून (भाषा) भारत में यूरोपीय संघ (ईयू) के राजदूत हर्वे डेल्फिन ने मंगलवार को दावा किया कि असम भारत के भूगोल के छोर पर नहीं है, बल्कि यह पूर्वोत्तर राज्य देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र में आ रहा है।
डेल्फिन ने यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के असम के उच्च स्तरीय दौरे के दूसरे दिन यहां एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ पूर्वोत्तर क्षेत्र, विशेषकर असम के विकास में सहयोग और भागीदारी करता रहा है।
उन्होंने कहा, "असम भारतीय भूगोल के छोर पर नहीं, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र की ओर बढ़ रहा है।"
डेल्फिन ने कहा कि असम की जो सबसे अनूठी बात है, वह है "यहां की प्राकृतिक संपदा, यहां के लोगों की योग्यता... उनकी प्रतिभा, आतिथ्य सत्कार और राज्य के विकास के लिए अविश्वसनीय नेतृत्व। यही सब बातें असम को यूरोपीय व्यापार के लिए सबसे पसंदीदा स्थल बनाती हैं।"
उन्होंने कहा, "मुख्य रूप से हम यूरोपीय संघ और भारत की आर्थिक प्रणालियों तथा अर्थव्यवस्थाओं को एक-दूसरे के करीब लाना चाहते हैं। राज्य के स्तर पर इसे धरातल पर उतारने की दिशा में 'ब्लू वैली क्लस्टर- स्वाद, सुगंध और आयुष' की शुरुआत एक बड़ा कदम है।"
यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार से असम के दो दिवसीय दौरे पर है। इसके दौरे के अंतिम दिन असम के पहले 'ब्लू वैली क्लस्टर' की शुरुआत की गई, जो सुगंध, स्वाद, आयुष और खाद्य प्रसंस्करण पर केंद्रित एक नया औद्योगिक केंद्र है।
अधिकारियों ने बताया कि असम में इस 'ब्लू वैली क्लस्टर' प्रायोगिक परियोजना के जरिए दीर्घकालिक औद्योगिक सहयोग का एक नया मॉडल सामने आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय जैव-विविधता, नवोन्मेष और उद्यम को अंतरराष्ट्रीय मूल्य श्रृंखलाओं तथा बाजार के अवसरों से जोड़ेगी।
यूरोपीय संघ के राजदूत ने कहा, "असम में अद्भुत जैव-विविधता है। यहां ऐसे औषधीय और सुगंधित पौधे हैं जो बड़े पैमाने पर आर्थिक मूल्य पैदा कर सकते हैं। यही वजह है कि यूरोपीय कंपनियां यहां आ रही हैं और इस औद्योगिक केंद्र को विकसित करने के लिए निवेश करने को तैयार हैं।"
डेल्फिन ने कहा कि ऐसा नहीं है कि "हम सिर्फ यहां आएं, निवेश करें और पैकेजिंग कर के चले जाएं... हमारा रवैया पूरी तरह व्यापक है। हम यहां अनुसंधान, नवोन्मेष, कौशल विकास, निवेश, विपणन और उत्पादन को एक साथ लाना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि यूरोपीय कंपनियां और निवेशक दुनिया भर में उन विभिन्न क्षेत्रों को तलाशते हैं जहां अवसर उपलब्ध हों और यह स्पष्ट है कि असम के पास कुछ विशिष्ट लाभ हैं।
राजदूत ने बताया कि 'ब्लू वैली क्लस्टर- स्वाद, सुगंध और आयुष' का यूरोप में 19 अरब डॉलर का बाजार है, जो "इस क्षेत्र के लिए एक अग्रणी बाजार है और असम इसका लाभ उठाने के लिए पूरी तरह अनुकूल स्थिति में है।"
यह 4पी (सार्वजनिक-निजी-जन-भागीदारी) औद्योगिक केंद्र यूरोप, पूर्वोत्तर भारत और भूटान को आपस में जोड़ने का प्रयास करेगा जिससे नवोन्मेष, शोध, दीर्घकालिक विनिर्माण और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
भाषा सुमित सिम्मी
सिम्मी
0906 2053 गुवाहाटी