जम्मू कश्मीर के मुद्दों पर बातचीत फिर शुरू करने के लिए एकजुट होकर केंद्र से संपर्क किया जाए: महबूबा
जोहेब
- 02 Jun 2026, 02:49 PM
- Updated: 02:49 PM
(फाइल फोटो के साथ)
श्रीनगर, दो जून (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के राजनीतिक दलों को एकजुट होकर केंद्र सरकार से संपर्क करना चाहिए ताकि केंद्र शासित प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक बातचीत शुरू हो सके और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जा सके।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू कश्मीर के अन्य राजनीतिक एवं नागरिक संस्थाओं के नेताओं को लिखे पत्र में उन्होंने लद्दाख में हाल में हुए घटनाक्रमों का भी जिक्र किया और कहा कि 'लेह एपेक्स बॉडी' और 'करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस' द्वारा केंद्र सरकार के साथ हासिल की गई सफलताएं एक महत्वपूर्ण सबक देती हैं कि केवल संवाद से ही सार्थक परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक संयुक्त राजनीतिक पहल का प्रस्ताव रखते हुए नेताओं से मतभेदों को भुलाकर जम्मू कश्मीर पर सार्थक संवाद फिर से शुरू करने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करने का आग्रह किया।
क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं, शिकायतों और चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने अब्दुल्ला से इस मुद्दे पर सभी हितधारकों की बैठक बुलाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में महबूबा ने कहा कि उन्होंने उनसे मिलने का समय मांगा था, लेकिन मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण यह संभव नहीं हो सका।
उन्होंने कहा, ''समय कम बचा है और हम अब और देरी नहीं कर सकते, इसलिए मैं आपको पत्र लिख रही हूं।''
महबूबा ने कहा, ''जम्मू कश्मीर एक बार फिर अपने इतिहास के ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहां निराशा और हताशा का माहौल छाया हुआ है। जम्मू कश्मीर को इस वर्तमान संकट से निकालने के लिए राजनीतिक दलों और राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर व्यापक सहमति की आवश्यकता है। अगर हम अपने लोगों की गरिमा और सुरक्षा बहाल करना चाहते हैं, तो भारत सरकार के साथ रचनात्मक संवाद अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी दल एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से संपर्क करें तथा उन्हें जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ निरंतर व सार्थक संवाद शुरू करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा, ''हमें आम लोगों की भलाई और सामूहिक कल्याण के वास्ते एकजुट होने के लिए अपने मतभेदों और विपरीत विचारों को एक तरफ रखना होगा। यह राजनीतिक श्रेय बटोरने का मामला नहीं बनना चाहिए। बल्कि यह उन लोगों के व्यापक हित में एकजुटता का क्षण बनना चाहिए जिनका प्रतिनिधित्व करने का हम सभी दावा करते हैं।''
महबूबा ने कहा कि जम्मू कश्मीर के प्रमुख के रूप में अब्दुल्ला को ''सभी दलों को एक आधिकारिक बैठक के माध्यम से एक साथ लाने की अत्यंत आवश्यक प्रक्रिया'' शुरू करनी चाहिए।
भाषा सुरभि जोहेब
जोहेब
0206 1449 श्रीनगर