साकेत में इमारत ढही : रेखा गुप्ता ने जांच के आदेश दिए, अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज
अविनाश
- 31 May 2026, 08:28 PM
- Updated: 08:28 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के साकेत इलाके में उस स्थान का दौरा किया, जहां शनिवार को एक इमारत ढह गई थी। उन्होंने अनधिकृत निर्माण और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दक्षिण दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट शनिवार को एक व्यावसायिक इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई, जबकि कई अन्य को मलबे से निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कई कार्यालय थे। हादसे के समय इसकी ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य हो रहा था।
इस घटना के संबंध में महरौली पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि दक्षिण दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेट जांच का भी आदेश दिया गया है ताकि घटना के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके और दोषियों को जिम्मेदार ठहराया जा सके।
मुख्यमंत्री के दौरे के कुछ ही घंटों के भीतर, इस घटना के संबंध में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दो अभियंताओं को निलंबित कर दिया गया।
गुप्ता ने अधिकारियों को जर्जर और खतरनाक इमारतों का निरीक्षण करने तथा जहां आवश्यक हो वहां सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि ढही हुई इमारत के मलबे के नीचे अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। इस पर गुप्ता ने कहा कि संबंधित एजेंसियां सावधानीपूर्वक खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
निवासियों ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण और कई इमारतों में अपर्याप्त सुरक्षा उपायों को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''सभी अवैध इमारतों और उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।''
गुप्ता ने घायलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी मांगी और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा मिले।
बाद में, उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए गुप्ता ने पीड़ितों के परिवारों को आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और पीड़ितों को हर संभव वित्तीय और प्रशासनिक सहायता प्रदान करेगी।
नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुप्ता ने संबंधित विभागों को इमारत के ढहने के कारणों की गहन जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली इमारतों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान जारी है तथा प्रभावित लोगों के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता एवं तत्काल राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं।
उन्होंने कहा, ''उपलब्ध सभी संसाधनों को तैनात कर दिया गया है और बचाव प्रयास बिना किसी रुकावट के जारी हैं।''
सूद ने यह भी कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासन समय पर राहत, सहायता तथा हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश
3105 2028 दिल्ली