तृणमूल सांसद काकोली घोष ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया
माधव
- 27 May 2026, 09:01 PM
- Updated: 09:01 PM
कोलकाता, 27 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व के प्रति सार्वजनिक रूप से निराशा व्यक्त करने वाली लोकसभा सदस्य काकोली घोष दस्तीदार ने बुधवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।
दस्तीदार ने भ्रष्टाचार के आरोपों और आरजी कर मामले को लेकर अपना रोष व्यक्त किया और पार्टी संगठन पर 'आई-पैक' का प्रभाव बढ़ने का आरोप लगाया।
हालांकि, दस्तीदार ने स्पष्ट किया कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं और एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम करना जारी रखेंगी।
दस्तीदार टीएमसी की महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं और पार्टी के 'बंग जननी' कार्यक्रम से जुड़ी हुई थीं। हालांकि, वह पश्चिम बंगाल के बारासात लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनी हुई हैं।
तृणमूल नेतृत्व की आपत्तियों के बावजूद मंगलवार को उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक बैठक में भाग लिया था।
सांसद काकोली घोष दस्तीदार हाल ही में तृणमूल के प्रमुख कार्यक्रमों से अनुपस्थित रहीं और उन्होंने पार्टी के आंतरिक कामकाज पर भी असंतोष व्यक्त किया था।
बारासात से चार बार की सांसद दस्तीदार ने तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को लिखे पत्र में कहा कि उन्हें महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी की सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए। दस्तीदार ने पार्टी को सूचित किया है कि वह अब इन जिम्मेदारियों को जारी नहीं रख सकतीं।
राशन घोटाला, भर्ती में अनियमितताओं और ''वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं'' से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए दस्तीदार ने लिखा, ''मेरी अंतरात्मा बहुत व्याकुल है।''
आरजी कर मेडिकल कॉलेज की पूर्व छात्रा दस्तीदार ने संस्थान में एक डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या तथा मामले को दबाने के प्रयास के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने उन्हें ''व्यक्तिगत रूप से झकझोर दिया'' था।
दस्तीदार ने टीएमसी के चुनाव प्रचार तंत्र से घनिष्ठ रूप से जुड़ी चुनाव सलाहकार कंपनी 'आई-पैक' पर भी निशाना साधा।
उन्होंने लिखा, ''यदि संगठन में किसी भी प्रकार का अपारदर्शी और अलोकतांत्रिक प्रभाव धीरे-धीरे हावी होने लगे, तो यह पार्टी के आदर्शों और परंपराओं के लिए अच्छा नहीं हो सकता।''
इस घटनाक्रम से तृणमूल के भीतर बदलते समीकरणों को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं, जो कि पार्टी की चुनावी हार और कुछ नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से असंतोष जताने के बाद सामने आया है।
रविवार को दस्तीदार ने तृणमूल की बारासात जिला इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। पार्टी ने अगले दिन उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और तापस चटर्जी को नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
तृणमूल नेतृत्व ने दस्तीदार के पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने के घटनाक्रम पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
भाषा शफीक माधव
माधव
2705 2101 कोलकाता