विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष मोटेगी से बातचीत की
सुरेश
- 26 May 2026, 12:50 AM
- Updated: 12:50 AM
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके जापानी समकक्ष मोटेगी तोशिमित्सु ने सोमवार को ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान के मद्देनजर पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभावों पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।
मोटेगी क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली में हैं।
जयशंकर ने बैठक में अपने शुरुआती संबोधन में कहा, "भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है और यह इस बात का संकेत है कि हमारे संबंधों का व्यापक महत्व, व्यापक प्रभाव और व्यापक निहितार्थ है।"
बैठक के बाद विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि चर्चा आर्थिक सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा, आपूर्ति शृंखला की मजबूती, पोत परिवहन, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित परस्पर सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित रही।
उन्होंने कहा, "इसके अलावा, पश्चिम एशिया की स्थिति और इसके प्रभावों सहित वैश्विक एवं क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।"
जयशंकर ने कहा, "चूंकि हम अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के करीब पहुंच रहे हैं, हमारी 'विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी' पारस्परिक लाभ के लिए लगातार गहरी और विविधतापूर्ण हो रही है।"
विदेश मंत्री ने अपने शुरुआती संबोधन में मंगलवार को होने वाली क्वाड बैठक का भी जिक्र किया और कहा कि इसमें एक स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
वार्ता में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग, वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों, विशेष रूप से पश्चिम एशिया संकट और ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं पर इसके प्रभाव पर विचार-विमर्श किया।
जयशंकर ने सुझाव दिया कि भारत और जापान दोनों ही इस संघर्ष से प्रभावित हैं, क्योंकि दोनों ही ऊर्जा आयात और व्यापार करने वाले देश हैं और उनके समुद्री हित भी हैं।
दोनों पक्षों ने आर्थिक सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया, जिन्हें जयशंकर ने "बहुत महत्वपूर्ण" बताया।
भारत इस बार क्वाड के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में नयी दिल्ली में इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। इस चार-सदस्यीय रणनीतिक समूह के अन्य देशों का प्रतिनिधित्व अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के मोटेगी तोशिमित्सु करेंगे।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश
2605 0050 दिल्ली