ओडिशा: तलवार हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान गोली लगने से घायल
सुरेश
- 26 May 2026, 01:09 AM
- Updated: 01:09 AM
भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) ओडिशा के ब्रह्मपुर शहर में तलवार से हमले के आरोपी एक व्यक्ति को सोमवार को पुलिस ने उस समय गोली मारकर घायल कर दिया, जब उसने कथित तौर पर हिरासत से भागने की कोशिश की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इलाके में अपराधियों के मध्य आपसी प्रतिद्वंद्विता को लेकर चिंताओं के बीच, पिछले नौ दिनों में क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ की यह तीसरी घटना थी।
ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवन विवेक एम ने बताया कि आरोपी जगन्नाथ साहू (33) ने पुलिसकर्मियों की एक टीम पर तब हमला किया, जब उसे बौरी सुकुंडा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
एसपी ने बताया, ''साहू कथित तौर पर एक ऐसे व्यक्ति पर तलवार से हमला करने में शामिल था, जिसपर कई आपराधिक गतिविधियों का आरोप था। जब हमारी टीम उसके ठिकाने पर पहुंची, तो साहू ने उन पर हमला किया और मौके से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में, पुलिस टीम की ओर से की गई गोलीबारी में वह घायल हो गया।''
एक अधिकारी ने बताया कि साहू को इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया और उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
रविवार शाम को साहू और उसके भाई बलिया ने कथित तौर पर मंगला बेहेरा (30) पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि बेहेरा ने एक महीने पहले इन भाइयों के घर पर बम फेंका था।
सार्वजनिक रूप से किए गए इस हमले के बाद बेहेरा को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत फैल गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि तलवार के हमले में घायल हुए व्यक्ति के खिलाफ पांच आपराधिक मामले लंबित हैं। उसे एक महीने पहले घर पर बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था।
पुलिस ने कहा कि इस हमले के मामले में तीन लोग शामिल थे और अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे पहले 16 मई को कीर्तिपुर में हुई एक मुठभेड़ में दीपुना नायक घायल हो गया था। इसके चार दिन बाद, गिरी रोड पर एक व्यक्ति पर हुए हमले के आरोपी मुकेश साहू का पुलिस ने पीछा किया और उस पर गोली चला दी।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश
2605 0109 भुवनेश्वर