इंग्लिस के अर्धशतक से एलएसजी ने छह विकेट पर 196 रन बनाये
नमिता
- 23 May 2026, 09:40 PM
- Updated: 09:40 PM
लखनऊ, 23 मई (भाषा) जोश इंग्लिस की 72 रन की आक्रामक पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने शनिवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में छह विकेट पर 196 रन बनाए।
प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है।
पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी एलएसजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम सातवें ओवर में तीन विकेट पर 69 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद इंग्लिस और कप्तान ऋषभ पंत (21 गेंद में 26 रन) ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर पारी को संभाला।
इंग्लिस की 42 गेंदों की पारी दो हिस्सों में बंटी नजर आई। उन्होंने शुरुआत में ही अर्शदीप सिंह पर हमला बोलते हुए पहले ओवर में चार चौकों की मदद से 16 रन बटोरे। वह इसके बाद कुछ समय तक वह शांत रहे और इस दौरान आयुष बदोनी ने मोर्चा संभाला।
मिचेल मार्श की जगह पारी की शुरुआत करने उतरे अर्शिन कुलकर्णी (शून्य) और निकोलस पूरन (दो) के जल्दी आउट होने के बाद बदोनी ने तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 43 रन बनाए और इंग्लिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
बदोनी ने आईसीसी रैंकिंग के शीर्ष ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई के एक ओवर में 24 रन ठोक दिए। इस ओवर में उन्होंने दो छक्के और इतने ही छक्के जड़े। इससे एलएसजी ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए पावरप्ले में दो विकेट पर 66 रन बना लिए।
बदोनी की तूफानी पारी ज्यादा देर नहीं चली। युजवेंद्र चहल की गेंद पर प्रभसिमरन सिंह ने शानदार स्टंपिंग कर उनकी आक्रामक पारी पर रोक लगाई।
इंग्लिस ने इसके बाद फिर से तेजी दिखाई और अर्शदीप के एक ओवर में लगातार छक्का, चौका और चौका जड़ दिया। उन्होंने अर्शदीप के खिलाफ कुल छह चौके और दो छक्के लगाए, जिससे भारतीय तेज गेंदबाज का निराशाजनक सत्र जारी रहा।
इंग्लिस ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर, ऋषभ पंत 18 रन के निजी स्कोर पर श्रेयस अय्यर द्वारा छोड़े गए कैच का फायदा नहीं उठा सके लेकिन उन्होंने इंग्लिस का अच्छा साथ निभाया। पंत युजवेंद्र चहल (25 रन पर दो विकेट) का शिकार बने।
इंग्लिस भी इसके बाद ज्यादा देर टिक नहीं सके और कामचालऊ गेंदबाज शशांक सिंह की गेंद पर श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे।
अब्दुल समद ने अंत में 20 गेंदों में नाबाद 37 रन की तेज पारी खेली और कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन मुकुल चौधरी (एक) के सस्ते में आउट होने के बाद एलएसजी 200 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। मार्को यानसेन ने दो विकेट लेकर पंजाब की ओर से प्रभावी गेंदबाजी की।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (नाबाद पांच) ने भी इस मुकाबले में एलएसजी के लिए पदार्पण किया। यह हालांकि उनके आईपीएल करियर का छठा मैच था।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
2305 2140 लखनऊ