प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने 'हाइब्रिड' कार्य प्रणाली अपनाई
माधव
- 20 May 2026, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को अपने सरकारी आवास 'मुख्यमंत्री जन सेवा सदन' से 'हाइब्रिड मोड' में विभागीय बैठकें कीं।
यह कदम ईंधन बचाने और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप उठाया गया है। 'हाइब्रिड मोड' में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बैठकें होती हैं।
अधिकारियों के अनुसार, "मेरा भारत, मेरा योगदान" पहल के तहत दिल्ली सरकार द्वारा दरस्थ माध्यम से कामकाज और जहां भी संभव हो ऑनलाइन आधिकारिक बातचीत को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत कई वरिष्ठ मंत्रियों और विभागाध्यक्षों ने डिजिटल माध्यम से बैठकें कीं।
पिछले सप्ताह गुप्ता ने कई उपायों की घोषणा की थी, जिनमें सरकारी कार्यालयों के लिए सप्ताह में दो दिन 'वर्क फ्रॉम होम', सोमवार को मंत्रियों और अधिकारियों द्वारा मेट्रो का उपयोग और हर सप्ताह स्वैच्छिक 'नो-व्हीकल डे' शामिल है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी घर से काम किया और अपनी आधिकारिक बैठकें ऑनलाइन कीं।
एक बयान के अनुसार, इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शहर में सार्वजनिक स्वास्थ्य वितरण तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवा और पोषण संबंधी पहल पर चर्चा करने के लिए एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान, सिंह ने टीकाकरण, मातृ स्वास्थ्य सेवा, बाल पोषण, परिवार नियोजन और कुष्ठ रोगियों के लिए पोषण संबंधी सहायता से संबंधित प्रस्तावों और वर्तमान योजनाओं की समीक्षा की।
बयान के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को दिल्ली भर में चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी और स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी।
विशेष रूप से स्कूली बच्चों और कमजोर समूहों में रक्त की कमी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए, मंत्री ने विभाग को 'एनीमिया मुक्त भारत' पहल के तहत सभी आयु समूहों में रक्त की कमी की जांच के लिए एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में भाग लिया। इसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
बयान में कहा गया कि अधिकारियों ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में तनाव के कारण पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच 11 मई को नागरिकों से ईंधन चालित वाहनों के उपयोग को कम करने की अपील की थी।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
2005 2135 दिल्ली