दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा: मौसम विभाग
माधव
- 19 May 2026, 10:14 PM
- Updated: 10:14 PM
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को महीने में पहली बार लू महसूस की गई, जहां शुष्क हवाओं और चिलचिलाती धूप के चलते तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक और पिछले दिन से 1.7 डिग्री अधिक है।
आईएमडी के अनुसार, पालम स्टेशन पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है और पिछले 24 घंटों में 1.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।
लोधी रोड स्टेशन पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक और पिछले दिन से 1.4 डिग्री अधिक था। इस स्थिति को देखते हुए आधिकारिक तौर पर लू की स्थिति घोषित की गई। वहीं, रिज स्टेशन पर सबसे अधिक तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.9 डिग्री की वृद्धि हुई।
आयानगर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक और पिछले दिन से 1.1 डिग्री अधिक था।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक और पिछले दिन की तुलना में 1.9 डिग्री अधिक था। वहीं, पालम और रिज में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः एक और 1.4 डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों में तापमान में क्रमशः 1.2 डिग्री और 1.3 डिग्री का बदलाव आया।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक और पिछले दिन की तुलना में 1.6 डिग्री अधिक था।
वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.6 डिग्री का बदलाव आया।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, लू तब चलती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है।
मौसम विभाग ने 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें शहर के कई हिस्सों में भीषण लू की स्थिति की चेतावनी दी गई है।
आईएमडी ने बुधवार के लिए न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 44 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में मंगलवार को लू चली और इससे पहले 23, 24 और 25 अप्रैल को भी लू की स्थिति दर्ज की गई थी।
शहर में 2024 के बाद से मई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में इससे अधिक तापमान पिछले साल 26 मई को दर्ज किया गया था, जब तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा, "अगले एक सप्ताह तक लू की स्थिति बने रहने की आशंका है। पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के कुछ हिस्सों से राष्ट्रीय राजधानी की ओर बह रही हैं। विशाल शुष्क क्षेत्रों से गुजरते हुए, ये हवाएं दिल्ली पहुंचते-पहुंचते बेहद शुष्क हो जाती हैं, जिससे गर्मी सतह के करीब ही फंस जाती है और पूरे शहर में भीषण गर्मी बढ़ जाती है।"
पलावत ने कहा कि दिन में भीषण गर्मी के कारण पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान अधिक बना हुआ है।
वहीं, अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता का स्तर 'खराब' श्रेणी में पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मंगलवार को चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तहत पहले चरण के उपाय लागू किए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "दिल्ली का एक्यूआई बढ़ता हुआ रुझान दिखा रहा है और आज यह 208 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया। इसके अलावा, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में ही रहने की आशंका है।"
अधिकारी ने कहा, "तदनुसार, सीएक्यूएम की ग्रैप संबंधी उप-समिति ने पूरे एनसीआर में तत्काल प्रभाव से ग्रैप के चरण-1 के तहत सभी उपायों को लागू करने का निर्णय लिया है।"
भाषा
राखी माधव
माधव
1905 2214 दिल्ली