रुपया 50 पैसे टूटकर 96.70 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर
अजय
- 19 May 2026, 09:45 PM
- Updated: 09:45 PM
मुंबई, 19 मई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को 50 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ कारोबार के अंत में 96.70 प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक जोखिम से बचाव की प्रवृत्ति के बीच मजबूत डॉलर और विदेशी पूंजी की बाजार से निकासी के कारण रुपये पर दबाव रहा।
रुपया 2026 में एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है। पिछले आठ सत्रों में डॉलर के मुकाबले रुपये में 2.48 रुपये या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह सात मई को 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से रुपये की स्थिति अब भी 'नाजुक' बनी हुई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.38 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 96.27 के दिन के उच्चतम स्तर को छुआ।
कारोबार के अंत में रुपया 96.70 प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निम्नतम स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 50 पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को अब तक के सबसे निचले स्तर 96.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, '' हमारा अनुमान है कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी के कारण रुपये गिरावट में रह सकती है...हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के किसी भी हस्तक्षेप और सोने-चांदी के आयात पर कुछ अंकुश रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकते हैं।'''
उन्होंने कहा, '' अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96 से 96.60 के दायरे में रहने का अनुमान है। ''
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.24 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 114.19 अंक टूटकर 75,200.85 अंक पर जबकि निफ्टी 31.95 अंक फिसलकर 23,618 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 109.95 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
1905 2145 मुंबई