मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तालाबों के प्रबंधन एवं रखरखाव को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया
नरेश
- 19 May 2026, 08:35 PM
- Updated: 08:35 PM
चंडीगढ़, 19 मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को राज्य के गांवों में स्थित तालाबों के प्रबंधन एवं रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के मंगलवार को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि तालाबों का सौंदर्यीकरण महत्वपूर्ण है और यह सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त उपाय किए जाने चाहिए कि उनमें दूषित पानी न बहे।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को अमृत सरोवर योजना के तहत विकसित तालाबों की नियमित सफाई करने का निर्देश दिया और जोर दिया कि सभी कार्य उच्च निर्माण मानकों को बनाए रखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाने चाहिए।
उन्होंने घनी आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों और 'जोहड़ों' (सार्वजनिक, पारंपरिक वर्षा जल संचयन संरचनाएं) का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे जल निकायों के आसपास स्वच्छता और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सैनी ने अधिकारियों को तालाब के तटबंधों को मजबूत करने, गाद निकालने का अभियान चलाने और किनारों पर उगने वाली जंगली घास को हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि तालाबों के आसपास सुबह और शाम को टहलने वालों के लिए जन सुविधा के मकसद से उचित रास्ते, बैठने के लिए बेंच और सौर प्रकाश व्यवस्था की सुविधाएं विकसित की जाएं।
सैनी ने निर्देश दिया कि तालाबों के नियमित रखरखाव के लिए ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना गांवों में बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करने और तालाबों को स्वच्छ एवं सौंदर्यपूर्ण रूप से विकसित ऐसे सार्वजनिक स्थानों में बदलने की है, जहां लोग गुणवत्तापूर्ण समय बिता सकें और मनोरंजक गतिविधियां कर सकें।''
उन्होंने अधिकारियों को बड़े तालाबों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
सैनी ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को राज्य भर के सभी नालों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। बैठक के दौरान, अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में कुल 20,039 तालाब हैं, जिनमें से 19,129 ग्रामीण क्षेत्रों में और 910 शहरी क्षेत्रों में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 6,777 तालाबों की सफाई का काम पूरा हो चुका है जबकि शेष तालाबों का काम शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भाषा यासिर नरेश
नरेश
1905 2035 चंडीगढ़