फाल्टा पुर्नमतदान: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने रोड शो किया
माधव
- 19 May 2026, 06:10 PM
- Updated: 06:10 PM
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 19 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दक्षिण 24 परगना के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में, 21 मई को होने जा रहे पुर्नमतदान से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एक रोड शो किया।
बनेश्वर से फाल्टा बस स्टैंड तक निकाले गये इस रोड शो को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर पुरुष, महिलाएं और बच्चे एकत्र हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए। शुभेंदु अधिकारी ने भीड़ की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने एक मंदिर में पूजा और आरती करने के बाद रोड शो शुरू किया। बड़ी संख्या में वहां जमा हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए।
इसके बाद शुभेंदु अधिकारी भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा के समर्थन में रोड शो के लिए खुली गाड़ी में सवार हुए।
पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल था। सड़कों और छतों पर भाजपा के झंडे लहरा रहे थे, समर्थक नारे लगा रहे थे और जुलूस पर फूल बरसा रहे थे।
इस बीच शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा समर्थक स्वपन मंडल के घर पर दोपहर का भोजन किया। मंडल की 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस समर्थित हिंसा के दौरान मौत हो गई थी।
रैली में शामिल स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ''तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों'' की धमकियों के कारण पिछले 10 वर्षों में कई लोग स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए हैं।
रोड शो निर्वाचन क्षेत्र के कई हिस्सों से गुजरा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे पुन: मतदान से पहले शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया।
पार्टी समर्थकों ने दावा किया कि इस महीने की शुरुआत में अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा राज्य में सरकार बनाने के बाद जनता का उत्साह बढ़ गया है।
जनता की प्रतिक्रिया के बारे में बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोगों का इतनी बड़ी संख्या में एकत्र होना उन ''सनातनी लोगों के लिए दूसरी स्वतंत्रता'' का प्रतीक है, जिन्हें लंबे समय से प्रताड़ित किया गया था।
फाल्टा में पुर्नमतदान 21 मई को होने जा रहा है। यह निर्वाचन क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चार मई से शुरू हुए चुनाव प्रचार के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र में कोई रैली या जनसभा आयोजित नहीं की है।
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को घोषणा की कि वह फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को फिर से होने वाले चुनाव से पीछे हट रहे हैं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
1905 1810 कोलकाता