कानपुर में अपनी जुड़वा बेटियों की हत्या के आरोपी पिता ने जेल में आत्महत्या की कोशिश की
अमित
- 18 May 2026, 03:02 PM
- Updated: 03:02 PM
कानपुर (उप्र), 18 मई (भाषा) ग्यारह साल की अपनी जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप को लेकर कानपुर जिला कारागार में बंद व्यक्ति ने स्टील की एक धारदार प्लेट से अपना गला कथित तौर पर काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जेल के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि किदवई नगर निवासी आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा (48) ने यह प्रयास रविवार को किया, जिसे बाद में तत्काल उर्सुला हॉर्समैन मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। यह घटना उस समय हुई जब साथी कैदियों ने उसे बैरक के बाथरूम में खून से लथपथ देखा और इसकी सूचना जेल कर्मचारियों को दी।
जेल अधीक्षक राजेश पांडेय ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मिश्रा ने अपनी खाने की प्लेट के किनारे को कथित तौर पर किसी सख्त सतह पर रगड़कर धारदार बना लिया था और फिर उसी से खुद पर हमला किया।
पांडेय ने कहा, "जेल के गार्ड और अधिकारी तुरंत मिश्रा को बाथरूम से बाहर निकालकर इलाज के लिए पहले जेल अस्पताल और बाद में उर्सला अस्पताल ले गए। मिश्रा को गर्दन पर मामूली चोटें आई हैं और अब उसकी हालत स्थिर है। उम्मीद है कि उसे सोमवार शाम तक अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और उसे वापस जेल ले आया जाएगा।"
एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि अस्पताल में पूछताछ के दौरान मिश्रा ने कथित तौर पर विरोधाभासी बयान दिए। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उसने दावा किया कि वह अवसाद से जूझ रहा था और जेल के अंदर उसे कोई इलाज नहीं मिल रहा था। अधिकारी ने बताया कि बाद में, उसने आरोप लगाया कि साथी कैदियों ने उस पर हमला किया था।
जेल अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जिसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि कैदी बैरक के अंदर स्टील की प्लेट को धारदार हथियार में बदलने में कैसे कामयाब रहा।
पुलिस ने बताया कि मिश्रा को एक महीने पहले किदवई नगर के त्रिमूर्ति फेज-दो स्थित अपार्टमेंट में अपनी जुड़वां बेटियों रिद्धि और सिद्धि की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि शशि रंजन मिश्रा ने 18 और 19 अप्रैल की दरमियानी रात को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर एक धारदार हथियार से अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव शशि रंजन मिश्रा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने बताया कि उक्त अपराध नौबस्ता थानाक्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुआ था जहां मिश्रा अपनी पत्नी रेशमा (पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली), अपनी जुड़वां बेटियों और छह साल के बेटे के साथ रहता था।
भाषा सं आनन्द मनीषा अमित
अमित
1805 1502 कानपुर