अब विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है उत्तर प्रदेश : हरदीप सिंह पुरी
जफर रवि कांत
- 16 May 2026, 07:27 PM
- Updated: 07:27 PM
गोरखपुर, 16 मई (भाषा) केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का मानना है कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में 'उल्लेखनीय' बदलाव आया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य ने पिछले नौ वर्षों में देश में एक मजबूत पहचान बनाई है।
पुरी ने शनिवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा, "केंद्रीय मंत्री के रूप में पिछले कुछ वर्षों में मैंने उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत है। ऐसा उदाहरण देश में कहीं और देखने को नहीं मिलता।"
पुरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में नयी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां राज्य की चर्चा जनसंख्या और चुनौतियों को लेकर होती थी, वहीं अब यह निवेश, कानून-व्यवस्था और विकास के लिए जाना जाता है। बेहतर कानून-व्यवस्था ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है और राज्य निवेश का पसंदीदा गंतव्य बन गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दृढ़ प्रशासक हैं, जिनमें हर विषय को गहराई से समझने और निर्णय को प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता है।
उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित में इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश में लागू करने पर बल दिया है।
गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को उन्होंने मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
पुरी ने कहा कि यह केवल एक स्टेडियम परियोजना नहीं है, बल्कि युवाओं के सपनों और संभावनाओं को नयी दिशा देने वाला कदम है। इस परियोजना में पेट्रोलियम मंत्रालय के तहत इंडियन ऑयल ने 60 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जबकि अन्य तेल कंपनियों ने भी अपनी हिस्सेदारी निभाई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह स्टेडियम भविष्य में नयी खेल प्रतिभाओं को प्रेरित करेगा और खेलों के क्षेत्र में देश के भविष्य को मजबूत बनाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे पूर्वांचल को बड़ी सौगात दी है।
पासवान ने कहा कि आने वाले समय में इस क्षेत्र से रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी निकलेंगे और वर्ष 2029 तक यहां आईपीएल मैचों का आयोजन भी संभव होगा।
भाषा
जफर रवि कांत
1605 1927 गोरखपुर