आंध्र मंत्रिमंडल ने पश्चिम एशिया संघर्ष के प्रभावों से निपटने के लिए कई उपायों की घोषणा की
माधव
- 14 May 2026, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
अमरावती, 14 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल ने पश्चिम एशिया में संघर्ष से उपजी आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए बृहस्पतिवार को कई उपायों की सिफारिश की, जिनमें हफ्ते में एक दिन वाहन का इस्तेमाल न करना, ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन, काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाना, विशेष उड़ानों एवं विदेशी दौरों में कटौती करना और सोने की खरीद टालना शामिल है।
मंत्रिमंडल ने घर से काम करने की सुविधा देने, सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने, बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित करने और ईंधन की खपत पर नजर रखने की भी सिफारिश की।
आंध्र प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री के पार्थसारथी ने यहां सचिवालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अमेरिका-ईरान युद्ध के इस नाजुक समय में लोगों से देश हित के लिए 'मेरा देश, मेरी जिम्मेदारी' सिद्धांत अपनाने का आह्वान किया है।
पार्थसारथी ने मंत्रिमंडल बैठक में हुए विचार-विमर्श और उसमें जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा, "मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए... और विशेष रूप से हमारे देश की ऊर्जा आवश्यकताओं, विदेशी मुद्रा भंडार और किसानों की उपज के निर्यात पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए... 'मेरा देश, मेरी जिम्मेदारी' सिद्धांत के तहत हर व्यक्ति को देश हित में कुछ कदम उठाने चाहिए।"
उन्होंने कहा कि इस तरह के संकट के दौरान विशेष उड़ानों का इस्तेमाल कम कर दिया जाएगा।
पार्थसारथी ने कहा, "हमने तब इनका (विशेष उड़ानों का) इस्तेमाल किया, जब तेजी से परिणाम हासिल करने का अवसर था और इसमें कोई कठिनाई नहीं थी... एक समय था, जब हर कोई बस में यात्रा करता था, लेकिन अब हर कोई केवल हवाई जहाज से ही जा रहा है... इस संकट के दौरान विशेष उड़ानों में निश्चित रूप से कमी लाई जाएगी।"
मंत्री ने कहा कि लोगों को सलाह देने से पहले नायडू ने जन प्रतिनिधियों, नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों से अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाने और विदेश यात्राएं कम करने का आह्वान किया है, ताकि लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को जितना संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने, वाहनों के बजाय साइकिल से चलने और विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पार्थसारथी के मुताबिक, नायडू ने जन प्रतिनिधियों, नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों से क्षेत्र भ्रमण के दौरान पदयात्रा करने की सलाह दी है, ताकि वे जनता के लिए एक आदर्श बन सकें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को वाहनों के इस्तेमाल से पूरी तरह से परहेज करने के लिए 'शुक्रवार को वाहन प्रयोग नहीं' व्यवस्था लागू करने की भी सलाह दी है।
पार्थसारथी के अनुसार, नायडू ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर दो-तीन अधिकारी अपने विभाग के मंत्री के वाहनों में यात्रा कर सकते हैं, ताकि लोग भी 'कार पूलिंग' अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों को ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करने पर विचार करने और छात्रों को दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते हफ्ते में दो दिन "नो व्हीकल, केमिकल इंजन फ्री डे" मनाने की सलाह दी है।
पार्थसारथी ने बताया कि नायडू ने सरकारी कार्यालयों को सलाह दी है कि वे हफ्ते में दो दिन घर से काम करने की सुविधा देने पर विचार करें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से देश में ही घूमने-फिरने, विदेश यात्राएं कम करने और सोने की खरीद से बचने की अपील की है।
पार्थसारथी ने बताया कि नायडू ने अधिकारियों को सरकारी वाहनों में डीजल की खपत की साप्ताहिक निगरानी शुरू करने का निर्देश दिया और कहा कि आगे सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पैदल चलने और साइकिल यात्रा करने के फायदे समझाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का आह्वान किया।
भाषा पारुल माधव
माधव
1405 2151 अमरावती