ममता ने विपक्षी दलों से भाजपा के खिलाफ 'संयुक्त मंच' बनाने की अपील की
दिलीप
- 09 May 2026, 09:15 PM
- Updated: 09:15 PM
कोलकाता, नौ मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में हालिया विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए शनिवार को सभी विपक्षी दलों से एक ''संयुक्त मंच'' बनाने के वास्ते एकजुट होने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से जुड़े सभी छात्र संघों और गैर सरकारी संगठनों से भी भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
उनका यह बयान एक ऐसे दिन आया है, जब राज्य में भाजपा की पहली सरकार का गठन हुआ है।
बनर्जी ने कहा, ''मैं सभी विपक्षी दलों, जिनमें वामपंथी और धुर-वामपंथी दल शामिल हैं, से भाजपा के खिलाफ एक संयुक्त मंच बनाने के लिए एकजुट होने का आह्वान करती हूं।''
उन्होंने राष्ट्रीय दलों से भी इसमें शामिल होने की अपील की।
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि अगर कोई भी राजनीतिक दल इस संबंध में उनसे बातचीत करना चाहता है, तो वह उससे बात करने के लिए तैयार हैं।
रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर कालीघाट स्थित अपने आवास के सामने एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ''यह सोचने का समय नहीं है कि दुश्मन का दुश्मन मेरा दोस्त है, हमारा पहला दुश्मन भाजपा है।''
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य भर में तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
बनर्जी ने कहा, ''कई जगहों पर गुंडागर्दी हो रही है, भाजपा में बुरे तत्व घुस गए हैं।''
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2011 में सत्ता में आने के बाद उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर अत्याचार नहीं होने दिया।
बनर्जी ने बताया कि बंगाल चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी विपक्षी दलों के नेताओं ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस नेता -- सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुझसे बात की।''
उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राजद के तेजस्वी यादव तथा अन्य नेताओं ने भी उन्हें संदेश भेजे, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अखिलेश यादव ने परिणाम घोषित होने के बाद कोलकाता में उनसे मुलाकात की।
बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं, और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी तथा तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य मेनका गुरुस्वामी, जिन्होंने उच्चतम न्यायालय के अलावा कलकत्ता उच्च न्यायालय में विभिन्न मामलों में तृणमूल सरकार का प्रतिनिधित्व किया है, ने फोन पर उनसे बात करके अपनी एकजुटता व्यक्त की।
बनर्जी ने कहा, ''मैं कलकत्ता उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन और पश्चिम बंगाल बार काउंसिल में पंजीकृत एक वरिष्ठ अधिवक्ता भी हूं।''
उन्होंने कहा कि तृणमूल रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर अपनी नयी यात्रा शुरू कर रही है।
बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी 2011 से 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद अब पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी होगी।
बनर्जी ने कहा, ''उन्होंने (भाजपा ने) हमें दी गई सुरक्षा अपनी जीत के दिन ही वापस ले ली।''
उन्होंने कहा, ''मुझे किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए, क्योंकि यह लड़ाई हमने जीती है; भविष्य में यह साबित हो जाएगा कि हमारी हार अन्यायपूर्ण थी।''
तृणमूल के अधिकांश कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा से धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए, बनर्जी ने दावा किया कि पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा को कोलकाता से दिल्ली जाने वाली उड़ान में सवार होते समय परेशान किया गया।
बनर्जी ने आरोप लगाया कि कुछ गुंडों ने उनके और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (जो उनके भतीजे भी हैं) के आवास के सामने हंगामा किया।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
0905 2115 कोलकाता