अमेरिकी रक्षा विभाग जारी कर रहा उड़न तश्तरी से जुड़ी नयी फाइल
अविनाश
- 08 May 2026, 08:43 PM
- Updated: 08:43 PM
वाशिंगटन, आठ मई (एपी) अमेरिकी रक्षा विभाग 'पेंटागन' ने उड़न तश्तरी (यूएफओ) से संबंधित नयी फाइल जारी करते हुए कहा है कि आम लोग ''अज्ञात असामान्य घटनाओं'' पर अपने निष्कर्ष खुद निकाल सकते है।
पेंटागन के अलावा, इस कवायद का नेतृत्व व्हाइट हाउस, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक, ऊर्जा विभाग, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और एफबीआई (संघीय जांच ब्यूरो) आदि कर रहे हैं।
पेंटागन ने शुक्रवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक ओर जहां पूर्ववर्ती सरकारों ने अमेरिकी नागरिकों को बदनाम करने या हतोत्साहित करने की कोशिश की, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ''लोगों को अधिकतम पारदर्शिता प्रदान कर रहे हैं। लोग इन फाइल में निहित जानकारी से अपने खुद के निष्कर्ष निकाल सकते हैं।''
पेंटागन ने कहा कि अतिरिक्त दस्तावेज चरणबद्ध तरीके से जारी किये जाएंगे।
रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप फरवरी से ही इस घोषणा को लेकर संकेत दे रहे हैं। इससे पहले, उन्होंने (पूर्व) राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी, सीनेटर रॉबर्ट एफ कैनेडी और मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्याओं से संबंधित रिकॉर्ड जारी किए थे, जिनमें पहले से ज्ञात जानकारी से अधिक कुछ नया खुलासा नहीं के बराबर किया गया था।
पेंटागन कई वर्षों से यूएफओ से संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करने पर काम कर रहा है, और कांग्रेस (अमेरिकी संसद) ने 2022 में इन्हें सार्वजनिक करने के लिए एक कार्यालय की स्थापना की। इसकी 2024 की पहली रिपोर्ट में सैकड़ों नयी यूएफओ घटनाओं का खुलासा हुआ, लेकिन इसमें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि अमेरिकी सरकार ने कभी भी 'एलियन' (अन्य ग्रहों की) प्रौद्योगिकी को देखे जाने की पुष्टि की हो।
अमेरिकी संसद ने 2022 में पेंटागन को यूएफओ देखे जाने से संबंधित दशकों पुरानी कई फाइल को जारी करने का आदेश दिया, क्योंकि सेना के कुछ सदस्यों ने अज्ञात वायुयान से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया था।
रिपब्लिकन सांसदों के एक छोटे समूह ने अधिक पारदर्शिता की मांग करते हुए पेंटागन पर दस्तावेज को अपने पास रोक कर रखने का आरोप लगाया है।
मार्च में सांसद अन्ना पॉलिना लूना ने एक पत्र लिखकर 'व्हिसलब्लोअर्स' द्वारा पहचानी गई उड़न तश्तरी के 46 वीडियो जारी करने की मांग की थी।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लूना ने कहा कि ये वीडियो पेंटागन द्वारा बाद में जारी किए जाने की उम्मीद है।
रिपब्लिकन सदस्य टिम बर्शेट ने एक बयान में कहा, ''मैं लोगों को याद दिलाना चाहता हूं कि पारदर्शिता एक ही बार में नहीं आएगी, इसमें समय लगेगा।''
विशेषज्ञों ने कई नयी फाइल के जारी होने को लेकर सावधानी बरतने का आग्रह किया है, और आगाह किया कि उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकी से अनभिज्ञ लोग अक्सर उड़न तश्तरी के वीडियो की गलत व्याख्या और गलत चित्रण करते हैं।
पेंटागन की 2024 की रिपोर्ट ने उन दावों का खंडन किया है कि अमेरिकी सरकार ने उड़न तश्तरी बरामद की है या अन्य ग्रहों पर जीवन के पुख्ता सबूत जुटाए हैं।
एपी सुभाष अविनाश
अविनाश
0805 2043 वाशिंगटन