एलडीएफ चुनावी हार से उबरकर जोरदार वापसी करेगी : जयराजन
वैभव
- 08 May 2026, 02:47 PM
- Updated: 02:47 PM
कन्नूर (केरल), आठ मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ई पी जयराजन ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) केरल विधानसभा चुनाव में मिली अप्रत्याशित हार से उबरकर और अपनी कमियों को सुधारते हुए जोरदार वापसी करेगा।
जयराजन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि विधानसभा चुनाव में एलडीएफ को जिस तरह की हार मिली, वह पूरी तरह अप्रत्याशित थी।
उन्होंने कहा, ''हमने इतनी बड़ी हार की कभी उम्मीद नहीं की थी। पिछले 10 वर्षों में केरल ने आदर्श शासन देखा। इसके बावजूद यह झटका लगा।''
पूर्व मुख्यमंत्री ई.एम.एस नम्बूदिरीपाद का उल्लेख करते हुए जयराजन ने कहा कि ''बुर्जुआ लोकतंत्र'' के ढांचे में काम करते समय चूक हो सकती है और माकपा तथा वामपंथी दल उन्हें सुधारेंगे।
उन्होंने कहा, ''अगर ऐसी कोई चूक हुई है तो माकपा और वाम मोर्चे के पास उसे सुधारने और आगे बढ़ने की ताकत है। गलतफहमियों और अन्य कारणों से हमसे दूर हुए लोगों को वापस लाकर हम मजबूत वापसी करेंगे।''
जयराजन ने कहा कि केरल और भारत में कम्युनिस्ट आंदोलन केवल लगातार जीत के जरिए आगे नहीं बढ़ा, बल्कि असफलताओं का विश्लेषण कर और सुधार करके आगे बढ़ा है।
उन्होंने अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) की आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया, ''दूसरी तरफ देखिए। वे मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए इस तरह लड़ रहे हैं, जो उन्हें वोट देने वाले लोगों का अपमान है। 102 विधायक होने के बावजूद वे अपने बीच से मुख्यमंत्री नहीं चुन पा रहे हैं और आलाकमान की ओर देख रहे हैं।''
उन्होंने दावा किया कि ये घटनाक्रम जल्द ही कांग्रेस और यूडीएफ के भीतर असहज स्थिति पैदा करेंगे।
जयराजन ने संघ परिवार पर राष्ट्रीय राजनीति में ''फासीवादी शैली में लोकतंत्र की हत्या'' करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में ''95 लाख मतदाताओं को बाहर रखकर'' सत्ता में आई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तमिलनाडु में भी राज्यपाल के जरिए राजनीतिक खेल खेलने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता को नष्ट करने की कोशिश करने वाली इन फासीवादी प्रवृत्तियों का मुकाबला करने के लिए वामपंथ को और मजबूत होना होगा।''
भाषा गोला वैभव
वैभव
0805 1447 कन्नूर