मार्श का शतक, एलएसजी ने बनाए तीन विकेट पर 209 रन
नमिता
- 07 May 2026, 10:57 PM
- Updated: 10:57 PM
लखनऊ, सात मई (भाषा) मिचेल मार्श (111 रन) ने ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली लेकिन बार बार बारिश के खलल से लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की लय बिगड़ गई जिसने बृहस्पतिवार को यहां 19-19 के किए गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ तीन विकेट पर 209 रन का स्कोर खड़ा किया।
बारिश के कारण तीन बार हुई खेल रूका जिससे लगभग एक घंटे का विलंब हुआ। इसके बाद एक ओवर की कटौती की गई जिससे मैच 19-19 का कर दिया गया। आरसीबी को 19 ओवर में 212 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।
मार्श ने 56 गेंद की पारी के दौरान नौ चौके और इतने ही छक्के जमाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए अर्शिन कुलकर्णी (17) के साथ मिलकर 95 रन की साझेदारी की जिससे टीम को एक धमाकेदार शुरुआत मिली। इसके बाद उन्होंने निकोलस पूरन (38 रन) के साथ मिलकर 70 रन और जोड़े।
कप्तान ऋषभ पंत ने फिर 10 गेंद में 32 रन की नाबाद पारी खेली।
ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मार्श शुरू से ही खतरनाक लग रहे थे। उन्होंने मैदान के चारों ओर जोरदार शॉट लगाए। उनकी पारी के ज्यादातर शॉट पावरप्ले में आए।
एलएसजी की प्लेऑफ की उम्मीद बहुत कम है और बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद पर मार्श ने आक्रामकता से खेलना शुरू किया और आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
जोश हेजलवुड को मार्श के शुरुआती हमलों का सबसे ज्यााद सामना करना पड़ा। मार्श ने उनके सिर के ऊपर से सीधे दो ऊंचे छक्के जड़े और फिर इसी तेज गेंदबाज़ के अगले ओवर में तीन चौके भी लगाए।
मार्श के इस आक्रामक खेल को देखते हुए आरसीबी को पांचवें ओवर में ही रसिख सलाम डार को गेंदबाजी के लिए लाना पड़ा, लेकिन इस बदलाव से भी रन गति पर कोई खास असर नहीं हुआ।
मार्श ने इस तरह आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 20 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने रनों की बरसात करते हुए एलएसजी को नौ ओवरों में ही बिना विकेट गंवाए 95 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया।
फिर 30 मिनट तक हुई बारिश के कारण एलएसजी की लय प्रभावित हुई। बारिश रुकने के बाद क्रुणाल पंड्या ने कुलकर्णी की पारी का अंत कर दिया।
पूरन ने क्रीज पर उतरने के बाद जरा भी समय बर्बाद नहीं किया और रसिख की गेंदों पर लगातार दो चौके जड़े। वहीं मार्श ने लगातार चार चौके लगाकर अपना शतक पूरा किया जो उनका आईपीएल में दूसरा सैकड़ा है। इसके बाद उन्होंने कवर प्वाइंट के ऊपर से एक छक्का लगाया। इसी समय बारिश के कारण तीसरी बार खेल रोकना पड़ा।
मार्श जब 110 रन पर थे, तब देवदत्त पडिक्कल ने उनका कैच छोड़ दिया था। लेकिन मार्श इस जीवनदान का पूरा फायदा नहीं उठा पाए और आखिरकार डीप प्वांइट पर हेज़लवुड का शिकार बन गए।
मार्श के आउट होने के बाद अब पंत ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और दो छक्के जड़े।
भाषा नमिता
नमिता
0705 2257 लखनऊ