केरल में अगले मुख्यमंत्री के विषय पर एआईसीसी पर्यवेक्षकों ने कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की
माधव
- 07 May 2026, 06:27 PM
- Updated: 06:27 PM
तिरुवनंतपुरम, सात मई (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर विचार जानने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बृहस्पतिवार को पार्टी विधायकों के साथ बैठक की।
पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने एक प्रस्ताव पारित कर अपने आलाकमान को मुख्यमंत्री के चयन का अधिकार दे दिया।
फिलहाल, मुख्यमंत्री पद के लिए वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल के नामों पर विचार किया जा रहा है।
वासनिक ने सीएलपी की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत ''उल्लेखनीय'' और ''ऐतिहासिक'' है, इसलिए उत्सव का माहौल था।
उन्होंने कहा, ''यह अत्यंत खुशी की बात है और इसी माहौल में बैठक हुई।''
यह पूछे जाने पर कि एआईसीसी पर्यवेक्षकों के लिए केरल के अगले मुख्यमंत्री का चयन करना कठिन है या आसान, वासनिक ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा, ''हम यहां अपने सहयोगियों और पार्टी विधायकों से मिलने आए हैं। बैठक बहुत अच्छी रही। कांग्रेस विधायकों ने सबसे पहले सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया, जिसे केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने पेश किया और मौजूदा सीएलपी नेता वी डी सतीशन ने इसका समर्थन किया। इस प्रस्ताव में कांग्रेस अध्यक्ष को अगले सीएलपी नेता का चयन करने का अधिकार दिया गया है।''
माकन ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया।
उन्होंने कहा, ''देखते हैं कि आगे क्या होता है।''
माकन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी विधायकों के साथ व्यक्तिगत रूप से चर्चा चाहता था।
उन्होंने कहा, ''हमने सभी विधायकों से बातचीत की। आज शाम हम दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। हम अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। हमें उम्मीद है कि जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा। सभी ने फैसला नेतृत्व पर छोड़ दिया है।''
यूडीएफ ने 9 अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 140 सीट में से 102 सीट हासिल कीं। चुनाव में 63 सीट जीतने वाली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर गहन चर्चा के बीच इंदिरा भवन में बैठक बुलाई।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव पारित होने के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षकों ने नेतृत्व के मुद्दे पर विधायकों के विचार जानने के लिए उनसे व्यक्तिगत बैठकें शुरू कीं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों ने बंद कमरे में हुई बैठक में भाग लिया।
बैठक के बाद, केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने पत्रकारों को बताया कि एआईसीसी पर्यवेक्षकों और प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी के साथ कांग्रेस के सभी 63 नवनिर्वाचित विधायक बैठक में उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है जिसमें एआईसीसी अध्यक्ष को अगले सीएलपी नेता का चयन करने का अधिकार दिया गया है, जो राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
जोसेफ ने कहा, ''प्रस्ताव की जानकारी एआईसीसी को दे दी गई है। बाद में, पर्यवेक्षकों ने विधायकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके विचार जाने। वे नयी दिल्ली लौटकर आलाकमान को जानकारी देंगे, जिसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।''
इससे पहले, आज वासनिक और माकन ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं वी एम सुधीरन, के. सुधाकरन, रमेश चेन्निथला और वी डी सतीशन के साथ चर्चा की।
विधायक दल की बैठक के बाद एआईसीसी पर्यवेक्षक पार्टी आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
पर्यवेक्षकों द्वारा पार्टी आलाकमान को एक रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है, जो इस बारे में अंतिम निर्णय लेगा कि केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
वे यूडीएफ के घटक दलों के नेताओं के साथ भी मुलाकात करेंगे।
इस बीच, वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग करते हुए उनके समर्थकों ने प्रदर्शन किया।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव
0705 1827 तिरुवनंतपुरम