तमिलनाडु सरकार गठन: राज्यपाल से दूसरी बार मिलने लोक भवन पहुंचे विजय
नरेश
- 07 May 2026, 02:50 PM
- Updated: 02:50 PM
(तस्वीरों के साथ जारी)
चेन्नई, सात मई (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय कांग्रेस पार्टी के समर्थन से सरकार गठन के लिए आमंत्रित किए जाने के अपने अनुरोध के सिलसिले में राज्यपाल से मिलने 24 घंटे के भीतर दूसरी बार बृहस्पतिवार को लोक भवन पहुंचे।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर इस मामले में नियमों के अनुसार फैसला करेंगे।
विजय लोक भवन पहुंचे लेकिन अधिकारियों या टीवीके की ओर से इस बारे में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई कि उनकी अर्लेकर से मुलाकात हुई या नहीं और टीवीके संस्थापक को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया या नहीं।
टीवीके प्रमुख 24 घंटे के भीतर दूसरी बार लोक भवन पहुंचे और करीब 40 मिनट तक राज्यपाल भवन के भीतर रहे। इसके बाद उन्हें परिसर से बाहर निकलते देखा गया।
टीवीके ने 23 अप्रैल को हुए चुनावों में 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीट जीतीं और वह सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। हालांकि, पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन दिया है, लेकिन अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाली पार्टी 200 से अधिक सदस्यीय सदन में बहुमत के 118 के आंकड़े तक पहुंचने से अब भी कुछ सीट दूर है।
विजय ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा था और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अर्लेकर ने अभी इस मामले में कोई फैसला नहीं लिया है।
टीवीके नेता वी. एस. बाबू ने शपथ ग्रहण और सरकार गठन के बारे में पूछे गए सवाल पर पत्रकारों से कहा, ''यह जल्द होगा और देखते हैं कि आगे क्या होता है।''
उन्होंने केंद्र की ओर से कथित दबाव के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जिन बातों की उन्हें जानकारी नहीं है, उन पर वह टिप्पणी नहीं करेंगे।
बाबू ने कहा, ''जिन चीजों के बारे में मुझे जानकारी नहीं है, मैं उन पर बात नहीं करूंगा।''
इस बीच, भाजपा प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने कहा कि सरकार गठन के मामले में सभी प्रक्रियाएं लोकतांत्रिक तरीके से होंगी।
तिरुपति ने 'पीटीआई वीडियो' से कहा, ''मुझे नहीं लगता कि लोक भवन या राज्यपाल के स्तर पर कोई भ्रम की स्थिति है। राज्यपाल संविधान और नियम पुस्तिका के अनुसार ही काम करेंगे।''
उन्होंने कहा, ''जनता ने जिस तरह मतदान किया है, यह उसी का परिणाम है। मतदाताओं ने ऐसा जनादेश दिया है कि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।''
भाजपा नेता ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार वही दल सरकार बनाने का अधिकार रखता है, जो कुल सीटों की आधे से अधिक सीटें हासिल करे और आवश्यक समर्थन जुटा ले।
तिरुपति ने कहा, ''इस बार किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। मेरा मानना है कि मौजूदा स्थिति में यही भ्रम का कारण है और इसी वजह से लोक भवन समय ले रहा है।''
उन्होंने कहा कि यदि अन्य दल विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन देने के लिए आगे आते हैं, तो तमिलनाडु में स्थिर सरकार का गठन संभव होगा।
भाषा
सिम्मी नरेश
नरेश
0705 1450 चेन्नई