उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में मनाया गया जीत का जश्न, मुख्यमंत्री हुए शामिल
संतोष
- 04 May 2026, 07:38 PM
- Updated: 07:38 PM
देहरादून, चार मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई ने सोमवार को पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत का जमकर जश्न मनाया। इस उपलक्ष्य में राज्य पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल और असम चुनाव में बहुमत मिलने की खुशी में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गयी।
जीत की खुशी में तीन दिनों तक जश्न मनाए जाने की घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री, पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने मिठाई और 'झालमुड़ी' बांटकर, पटाखे फोड़कर तथा गुलाल से होली खेलकर खूब जश्न मनाया ।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ये नतीजे यह दिखाते हैं कि वामपंथी विचारधारा अब खत्म हो गयी है।
नेताओं ने इस जीत में पार्टी की उत्तराखंड इकाई की युवा शाखा के योगदान का भी जिक्र किया और बताया कि चुनाव प्रबंधन में मदद के लिए 30 कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल, 15 को असम और एक कार्यकर्ता को केरल भी भेजा गया था ।
नतीजों से उत्साहित प्रदेश भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि जीत का यह क्रम 2027 में उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा जहां पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी ।
इस मौके पर दिए अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के गंगोत्री से पश्चिम बंगाल में गंगा सागर तक देश भगवामय हो गया है।
उन्होंने कहा, ''असम में लगातार भाजपा सरकार बनने तथा पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दिखाती है कि जनता ने तृणमूल कांग्रेस के 'सिंडीकेट' और 'गुंडाराज' को खारिज कर दिया है। धामी ने कहा कि तमिलनाडु में भी भाजपा उम्मीदवारों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है।''
मुख्यमंत्री ने पार्टी के युवा मोर्चा के राज्य महामंत्री मुलायम सिंह रावत की पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक अड़चनों के बाजवूद अपनी टीम का नेतृत्व करने के लिए सराहना की।
उन्होंने कहा, ''हमारे कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल में बहुत संघर्ष का सामना करना पड़ा जहां स्थानीय प्रशासन ने हमारी रैलियों और पैदल मार्चों में बाधा डालने का प्रयास किया।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'डबल इंजन' मॉडल अब सुशासन और गरीबी उन्मूलन का प्रतीक बन गया है और देश भर के मतदाता अब तेज विकास के लिए इसी मॉडल को चुन रहे हैं।
उधर, प्रदेश में स्थित हिमालयी धामों—बदरीनाथ और केदारनाथ में भाजपा की जीत की खुशी में विशेष पूजाएं की गयीं।
बदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमत्री धामी की ओर से धामों में पूजा की गयी। ।
भाषा दीप्ति संतोष
संतोष
0405 1938 देहरादून