बंगाल चुनाव: भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की, तृणमूल छह सीट पर विजयी
नरेश
- 04 May 2026, 07:20 PM
- Updated: 07:20 PM
कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को मतगणना जारी रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है और 188 सीट पर आगे है जो राज्य में भाजपा की जबरदस्त लहर का संकेत है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने छह सीट पर जीत हासिल की है।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, भाजपा कालिम्पोंग, दार्जिलिंग, मान्टेश्वर, भातर, मेदिनीपुर, बर्वान, खारडाह, आसनसोल दक्षिण, जगतवल्लभपुर, रानीबांध, नकाशीपाड़ा और जमुरिया सीट पर जीत हासिल कर चुकी है।
भाजपा के भरत कुमार छेत्री ने कालिम्पोंग सीट 21,464 वोट के अंतर से जीती, सैकत पांजा ने पूर्वी बर्धमान जिले के मान्टेश्वर से 14,798 वोट से, करफा सौमेन ने उसी जिले के भातर निर्वाचन क्षेत्र से 6,528 वोट से, अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण से 40,839 वोट से, शंकर कुमार गुच्छैत ने मेदिनीपुर से 38,747 वोट से और नोमान राय ने 6,057 वोट के अंतर से जीत हासिल की।
भाजपा के खारडाहा उम्मीदवार कल्याण चक्रवर्ती ने 24,486 वोटों से और बर्वान में सुखेन कुमार बागदी ने 22,300 वोटों से जीत हासिल की। इसके उम्मीदवार अनुपम घोष ने जगतबल्लभपुर सीट पर 6,671 वोटों के अंतर से, रानीबांध में क्षुदीराम टुडू ने 52,269 वोटों से, जमुरिया में बिजन मुखर्जी ने 22,514 वोटों से और नकाशीपाड़ा सीट पर शांतनु डे ने 17,327 वोटों से जीत हासिल की।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने मुर्शिदाबाद जिले की भगवांगोला सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा, जहां उसके उम्मीदवार रेयात हुसैन सरकार ने अपने निकटतम उम्मीदवार को 56,407 वोट के अंतर से हराया।
टीएमसी उम्मीदवार सबीना यास्मीन ने सुजापुर में 60,287 वोटों के भारी अंतर से, समसेरगंज में मोहम्मद नूर आलम ने 7,587 वोटों से और भरतपुर में मुस्तफिजुर रहमान ने 30,753 वोटों से जीत हासिल की।
पार्टी के उम्मीदवार अनीसुर रहमान ने डेंगांगा को 17,818 वोटों के अंतर से और अब्दुल खालिक मुल्ला ने मेटियाब्रुज को 87,879 वोटों के भारी अंतर से जीता। पार्टी 84 अन्य सीटों पर आगे चल रही है।
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि कम से कम 23 मंत्री विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में पिछड़ रहे हैं, जो पार्टी नेतृत्व के लिए एक व्यापक चुनौती का संकेत है।
पार्टी के प्रमुख नेताओं में निवर्तमान शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु 20,780 वोट से पीछे थे, महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा लगभग 14,633 वोट से और वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य 8,859 वोट से पीछे थीं।
सिंगूर में भाजपा उम्मीदवार अरूप कुमार दास तृणमूल कांग्रेस के बेचाराम मन्ना से 4,924 वोट से आगे थे, जिससे सत्तारूढ़ पार्टी को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस निर्वाचन क्षेत्र में झटका लगा।
मंत्री सुजीत बोस, पुलक रॉय और बीरबाहा हंसदा सहित कई अन्य मंत्री भी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पीछे थे।
यह रुझान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं और मजबूत स्थानीय नेतृत्व नेटवर्क पर बहुत अधिक भरोसा किया था, जिनमें से कई नेता जमीनी स्तर पर शासन के प्रमुख चेहरे थे।
ये परिणाम पश्चिम बंगाल में जारी एक रोमांचक चुनावी मुकाबले के बीच आए हैं, जहां 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतों की गिनती जारी है।
राज्य की 293 विधानसभा सीट पर मतों की गिनती हो रही है क्योंकि निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में मतदान रद्द कर दिया था।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
0405 1920 कोलकाता