ओड समाज के लिए जयपुर में छात्रावास, रामदेवरा में धर्मशाला के लिए होगी भूमि आवंटन: मुख्यमंत्री
जितेंद्र
- 03 May 2026, 05:22 PM
- Updated: 05:22 PM
जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ओड समाज का गौरवशाली इतिहास रहा और इस समाज ने राष्ट्र की प्रगति में अहम योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि श्रम, संस्कृति और स्वाभिमान इस समाज की पहचान हैं।
शर्मा ने कहा कि इस समाज ने किलों व महलों के निर्माण में अपनी कुशलता दिखाई है और जल संरचनाओं के निर्माण की इनमें अद्भुत कला है।
मुख्यमंत्री रविवार को ओड समाज संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में जल संरक्षण की परंपरा को समृद्ध बनाने में ओड समाज का उल्लेखनीय योगदान रहा है।
शर्मा ने कार्यक्रम में ओड समाज को बड़ी सौगात देते हुए रामदेवरा में धर्मशाला एवं जयपुर में छात्रावास के लिए भूमि आवंटित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पाकिस्तान से विस्थापित ओड समाज के लोगों की हर संभव सहायता करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान 2047 के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और प्रधानमंत्री ने 'श्रमेव जयते' का आह्वान कर 'श्रमिकों का कल्याण राष्ट्र निर्माण की नींव' का स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना में 18 ट्रेड के दस्तकारों को पांच प्रतिशत की दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और ऋण पर दो प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान के आदेश जारी किए हैं।
शर्मा ने कहा कि अब तक दो लाख से अधिक लाभार्थियों को प्रशिक्षण और 53 हजार से अधिक लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों, रेहड़ी व पटरी लगाने वाले लोगों एवं लोक कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना शुरू की गई है, जिसमें 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर तीन हजार रुपये मासिक पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 20 लाख श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण किया गया है और इससे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि वहीं इनके कल्याण एवं रोजगार अवसरों में वृद्धि के लिए श्रम-सेतु मोबाइल ऐप शुरू किया है।
शर्मा ने ओड समाज के युवाओं से आधुनिक कौशल प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्रदाता बनने, बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने तथा महिलाओं को आगे बढ़ाने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर ओड महासभा के अध्यक्ष प्रेम ओड एवं अन्य पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
0305 1722 जयपुर