उत्तराखंड : पौड़ी में युवक ने पुल से फांसी लगाकर आत्महत्या की
सं, दीप्ति रवि कांत
- 02 May 2026, 09:53 PM
- Updated: 09:53 PM
कोटद्वार, दो मई (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर पुल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना से पहले बनाए गए वीडियो में युवक द्वारा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रैतपुर गांव निवासी 20 वर्षीय पंकज कुमार का शव शनिवार सुबह दंगलेश्वर महादेव पुल से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा दमकल कर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर परिजन और स्थानीय ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्र किए और फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की एक समिति ने उसका पोस्टमार्टम किया।
पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार को पंकज कुमार ने कथित तौर पर शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी थी, जिसमें चिकित्सक घायल हो गए थे, जबकि वह स्वयं भी गिरकर चोटिल हुआ था। चिकित्सीय जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली और परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार बाद में घायल चिकित्सक और युवक के परिजनों के बीच आपसी समझौता हो गया था और किसी भी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई नहीं की।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसे कथित तौर पर युवक ने आत्महत्या से पहले बनाया था। इसमें उसने सतपुली पुलिस पर उसे घसीटने और उसकी मां तथा अन्य परिजनों के सामने अपमानित करने के आरोप लगाए हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने जांच अपर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), कोटद्वार को सौंप दी है।
एसएसपी ने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सतपुली थानाध्यक्ष को अग्रिम आदेशों तक लाइन हाजिर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आत्महत्या के मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होगी।
एसएसपी ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत
0205 2153 कोटद्वार