अगर एसआईआर बंगाल चुनावों के नतीजों को प्रभावित करता है, तो यह खतरनाक नजीर होगी : उमर
नरेश
- 01 May 2026, 04:59 PM
- Updated: 04:59 PM
(तस्वीरों के साथ)
श्रीनगर, एक मई (भाषा) जम्मू -कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि यदि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के परिणाम प्रभावित होते हैं तो यह एक खतरनाक नजीर होगी जिससे राजनीतिक दलों को खुद को बचाना होगा।
कोलकाता के भवानीपुर स्थित एक स्ट्रांग रूम (जहां मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन रखे गए हैं) के बाहर बृहस्पतिवार को हुए घटनाक्रम के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए लोगों को तैनात करना पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अधिकार है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''मैंने हमेशा कहा है कि मैं चुनाव पूर्व धांधली को स्वीकार नहीं करता और चुनाव के बाद ईवीएम की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जब मतपेटियां होती थीं तब भी हम ऐसा ही करते थे। हम अपने लोगों को स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात रखते थे। इसलिए, ममता बनर्जी को स्ट्रांग रूम के बाहर लोगों को तैनात रखने का अधिकार था और उन्होंने ऐसा किया।''
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मतों की चोरी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)के जरिए हो रही है, न कि ईवीएम के जरिए।
उन्होंने कहा, ''ईवीएम (हैकिंग) और एसआईआर के माध्यम से जो किया जा रहा है, उसमें अंतर है। आज ईवीएम के जरिए मतों की चोरी नहीं हो रही है, बल्कि दुर्भाग्य से निर्वाचन आयोग के माध्यम से एसआईआर के जरिए हो रही है।''
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भाजपा विरोधी दलों के लिए एक बड़ी चुनौती है क्योंकि अगर एसआईआर चुनाव परिणाम को प्रभावित करता है तो यह खतरनाक होगा।
उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल का यह चुनाव हम सबके लिए एक बड़ी चुनौती है क्योंकि, भगवान न करे, अगर एसआईआर अपना असर दिखा दे तो यह हम सबके लिए बहुत खतरनाक हो सकता है। हमें मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाकर चुनाव में धांधली करने के उनके प्रयास से खुद को बचाना होगा। मुझे नहीं लगता कि ईवीएम के जरिए कुछ किया जा सकता है।''
अब्दुल्ला ने एग्जिट पोल के बारे में कहा कि सोमवार को परिणाम आने पर वे गलत साबित होंगे।
उन्होंने कहा, ''अब तक कौन सा एग्जिट पोल सही साबित हुआ है? पांच साल पहले जब पश्चिम बंगाल में चुनाव हुए थे, तब सभी एग्जिट पोल ने भाजपा सरकार बनने की संभावना जताई थी। लेकिन नतीजा क्या निकला? हमें ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। परिणाम सोमवार को आ जाएंगे।''
अब्दुल्ला ने वार्षिक हज यात्रा के लिए हवाई किराए में वृद्धि को लेकर कहा कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद अब हर चीज की कीमत में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने कहा, ''अब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो देखिए और क्या-क्या बढ़ेगा। वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। ईंधन की कीमतें बढ़ेंगी, सब कुछ बढ़ेगा।''
मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन के किराए में 18 प्रतिशत की वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार को यह बढ़ोतरी लागू करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
अब्दुल्ला ने लोगों को 'राहत' प्रदान करने के लिए वैश्विक संघर्षों को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्रीनगर के बाहरी इलाके सेम्पोरा में एस्टेट क्वार्टर्स के दो नए हिस्सों का उद्घाटन करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
नौकरियों की कमी को लेकर जताई जा रही चिंताओं का जवाब देते हुए अब्दुल्ला ने स्वीकार किया कि बेरोजगारी जम्मू- कश्मीर के लिए एक 'बड़ी समस्या' बनी हुई है। उन्होंने हालांकि आगाह किया कि केवल सरकारी भर्ती ही इसका स्थायी समाधान नहीं है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
0105 1659 श्रीनगर