बंगाल चुनाव: चुनावी प्रतिस्पर्धा और बीच नदिया जिले में राजनीतिक सौहार्द के दुर्लभ दृश्य
रंजन
- 29 Apr 2026, 09:09 PM
- Updated: 09:09 PM
कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण का विधानसभा चुनाव हुआ और इस दौरान कड़ी प्रतिस्पर्धा और तीखी बयानबाज़ी के बीच नदिया जिले में राजनीतिक गर्मजोशी के कई दुर्लभ दृश्य सामने आए।
भाजपा के एक उम्मीदवार ने अपने प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रति सौहार्द का भाव दिखाया जिसने चुनाव की गला काट प्रतिस्पर्धा के माहौल में लोगों को हैरत में डाल दिया।
नवद्वीप से भाजपा उम्मीदवार और हिंदू धर्म प्रचारक श्रुति शेखर गोस्वामी को मतदान शिविर में तृणमूल के कार्यकर्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण ढंग से बातचीत करते देखा गया।
गोस्वामी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''हर कोई दिन भर अपनी पसंद की राजनीति करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन शाम को ऐसा हो कि (विभिन्न राजनीतिक विचारों वाले) लोग एक साथ बैठकर चाय पी सकें। व्यक्तिगत संबंधों को क्यों खराब करना चाहिए?''
उन्होंने कहा कि लोग भले ही अलग-अलग राजनीतिक दलों का समर्थन करें, लेकिन मानवीय रिश्ते समाप्त नहीं होने चाहिए।
उनके इस कदम की उनके प्रतिद्वंद्वी खेमे ने भी सराहना की।
टीएमसी के एक स्थानीय नेता ने अपने शिविर में बैठे हुए कहा, ''गोस्वामी एक सम्मानित धार्मिक व्यक्ति हैं और साथ ही दूसरी पार्टी के उम्मीदवार भी हैं। हमें बहुत अच्छा लगा कि वे आए, हमारे साथ बैठे और गर्मजोशी से बातचीत की। राजनीतिक मतभेद तो बने रहेंगे, लेकिन यह स्वस्थ बातचीत अच्छी लगी।''
टीएमसी के पुंडारीकाक्ष्य साहा नवद्वीप से चुनाव लड़ रहे हैं, जो एक प्राचीन शहर है और चैतन्य महाप्रभु के जन्म और बंगाल में वैष्णव धर्म के आगमन से जुड़ा हुआ है।
कोलकाता से सौ किलोमीटर से भी दूर, भगवा वस्त्र पहने इस्कॉन के भिक्षु "हरे कृष्णा" और भक्ति गीत गाते हुए अपने मतदान केंद्रों की ओर बढ़े और अपना वोट डाला।
इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता राधा रमन दास ने कहा, "हम कुछ भी करने से पहले भगवान को याद करते हैं।"
भिक्षुओं ने चौरंगी निर्वाचन क्षेत्र के 'ला मार्टिनियर स्कूल फॉर बॉयज' में अपने मत डाले और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के बाद अपनी स्याही लगी उंगलियां प्रदर्शित कीं।
प्रतिद्वंद्वी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार का एक और दुर्लभ दृश्य उस वक्त दिखाई दिया जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को टीएमसी शिविर में पानी पीते हुए देखा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अधिकारी को भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के दौरे के दौरान टीएमसी के झंडों से सजे एक मतदान केंद्र के पास रुकते और दो लीटर की शीतल पेय की बोतल से पानी की एक घूंट लेते हुए दिखाया गया है।
हालांकि, पीटीआई स्वतंत्र रूप से इस क्लिप की पुष्टि नहीं कर सका।
वीडियो में भाजपा नेता को यह कहते हुए सुना गया, "उन्होंने मुझे बुलाया और पानी दिया। मुझे प्यास लगी थी इसलिए मैंने एक घूंट पी लिया।''
भाषा शोभना रंजन
रंजन
2904 2109 कोलकाता