बुलंदशहर तिहरा हत्याकांड: कर्तव्य पालन में लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
संतोष
- 28 Apr 2026, 08:12 PM
- Updated: 08:12 PM
बुलंदशहर (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी में चेहरे पर केक लगाने के विवाद के दौरान एक ही परिवार के तिहरे हत्याकांड के मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) समेत चार पुलिसकर्मियों को कर्तव्य पालन में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिला पुलिस की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार थाना खुर्जा नगर क्षेत्र अंतर्गत हुई घटना में 10 नामजद अभियुक्त व एक अभियुक्त प्रकाश में आये, कुल 11 अभियुक्तों में से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी न कर पाने के कारण लापरवाही बरतने पर खुर्जा नगर के एसएचओ प्रेमचंद शर्मा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
इसके अलावा चौकी प्रभारी बुर्ज उस्मान, उप निरीक्षक प्रीतम सिंह, मुख्य आरक्षी शमीम अहमद व आरक्षी पारस यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
पुलिस के अनुसार तिहरे हत्याकांड की घटना शनिवार रात एक जिम में हुई, जहां जीतू के जन्मदिन की पार्टी हो रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, कहासुनी के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार जांच में ज्ञात हुआ कि जीतू के जन्मदिन के उत्सव के दौरान आपसी कहासुनी होने पर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। समारोह में चेहरे पर केक लगाने की वजह से यह विवाद हुआ।
पीड़ित परिवार से ताल्लुक रखने वाले संजय ने बताया कि मृतकों में मनीष उनके छोटे भाई थे, आकाश भतीजे और अमरदीप उनके चाचा के बेटे थे। परिवार में इस घटना से गहरा मातम छा गया है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों-रूपेश, मयंक और नरेश को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सोमवार को बताया था कि पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि उसने एक अवैध हथियार एक फ्लाईओवर के नीचे छिपाया है। खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने वहां पहुंची।
खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार ने बताया कि इसी दौरान मयंक ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मयंक के पैर में गोली लग गई।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष
2804 2012 बुलंदशहर