रूसी नेतृत्व के साथ बातचीत कर खुशी हुई: अराघची
नरेश
- 28 Apr 2026, 08:20 PM
- Updated: 08:20 PM
मॉस्को, 28 अप्रैल (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मंगलवार को कहा कि क्षेत्र में भारी अस्थिरता के बावजूद रूस और ईरान के बीच सहयोग बढ़ रहा है।
इसी के साथ उन्होंने अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता के बीच तेहरान के प्रति मॉस्को की एकजुटता और समर्थन का स्वागत किया।
अराघची ने सोमवार को सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को लेकर कहा कि क्षेत्र में भारी उथल-पुथल के बीच रूस के साथ शीर्ष स्तर पर बातचीत कर उन्हें खुशी हुई।
शीर्ष ईरानी राजनयिक अराघची ने एक्स पर कहा, "हाल की घटनाओं ने हमारी रणनीतिक साझेदारी की गहराई और मजबूती को प्रमाणित किया है। हमारे संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, ऐसे में हम एकजुटता के लिए आभारी हैं और कूटनीति में रूस के समर्थन का स्वागत करते हैं।"
क्रेमलिन के अनुसार, पुतिन ने अराघची से कहा, "हम आपके और इस क्षेत्र के सभी लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए हरसंभव प्रयास करेंगे ताकि यह शांति यथाशीघ्र प्राप्त हो सके।"
इसके अनुसार, अराघची ने कहा, "यह बात सभी के सामने सिद्ध हो चुकी है कि ईरान के पास रूसी संघ जैसे मित्र और सहयोगी हैं, जो मुश्किल समय में ईरान के साथ खड़े हैं। ईरान के समर्थन में आपके दृढ़ और मजबूत रुख के लिए हम आपके आभारी हैं।"
रूसी मीडिया के अनुसार, अराघची और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात लगभग दो घंटे तक चली।
इस बैठक में उपस्थित रहे विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इसे "रचनात्मक और व्यावहारिक" बताया।
अराघची इस्लामाबाद की यात्रा के बाद रूस पहुंचे। उन्होंने इस्लामाबाद की यात्रा को 'अत्यंत सार्थक' बताते हुए कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ उनकी 'अच्छी बातचीत'' हुई।"
ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता का पहला दौर वांछित परिणाम लाने में विफल रहा था।
अराघची ने रूसी मीडिया से कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ हालिया युद्ध में अपने घोषित लक्ष्यों को हासिल करने में पूरी तरह विफल रहा है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "इसीलिए उन्होंने बातचीत का अनुरोध किया है और ईरानी इस मामले में विचार विमर्श कर रहे हैं।"
ईरान के मंत्री रविवार को ओमान की संक्षिप्त यात्रा के बाद दूसरी बार इस्लामाबाद पहुंचे। ओमान में उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सैद के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और ईरान-अमेरिका संघर्ष को समाप्त करने के राजनयिक प्रयासों पर बातचीत की।
अराघची के शनिवार को पाकिस्तान से ओमान रवाना होने के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे।
ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फोन पर बातचीत कर सकते हैं।
उन्होंने पिछले मंगलवार को ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया ताकि तेहरान को युद्ध समाप्त करने के लिए एक एकीकृत प्रस्ताव तैयार करने के लिए और समय मिल सके।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश
2804 2020 मॉस्को