आबकारी मामले में न्यायमूर्ति के साथ गतिरोध के बीच केजरीवाल राजघाट पहुंचे
नरेश
- 28 Apr 2026, 07:41 PM
- Updated: 07:41 PM
(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के अन्य नेता मंगलवार को महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुंचे और उन्होंने प्रार्थना की कि उन्हें बापू द्वारा दिखाए गए सत्याग्रह के मार्ग पर चलने की शक्ति मिले।
भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस 'नाटक मंडली' को अपना नाटक बंद करना चाहिए और न्यायपालिका को अपना काम करने देना चाहिए।
भाजपा की दिल्ली इकाई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''केजरीवाल जी शराब की दलाली पर जेल ही मिलती है, बापू का आशीर्वाद नहीं।''
यह घटनाक्रम केजरीवाल की ओर से आबकारी मामले में व्यक्तिगत रूप से या वकील के माध्यम से अदालत में पेश न होने और सत्याग्रह का मार्ग अपनाने का निर्णय लिये जाने के बीच सामने आया है।
केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र लिखकर कहा है कि वे आबकारी मामले में उनकी अदालत में अपना पक्ष नहीं रखेंगे।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश स्वर्ण कांता शर्मा को मंगलवार को पत्र लिखकर कहा कि वह आबकारी मामले में उनकी अदालत में पेश नहीं होंगे।
राजघाट पर केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ''हम न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण हमें यह सत्याग्रह करना पड़ रहा है। मैंने उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति को लिखे पत्र में सभी विवरण दे दिए हैं।''
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज मनीष जी और अन्य साथियों के साथ राजघाट पहुंच कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को नमन किया। मेरी बापू से यही प्रार्थना है कि उनके दिखाए 'सत्याग्रह' के मार्ग पर चलने के हमारे संकल्प को वे सदैव शक्ति दें।''
उन्होंने कहा, ''मेरा अटूट विश्वास है कि बापू के आशीर्वाद से, सत्याग्रह के इस कठिन पथ पर हम पूर्ण निष्ठा के साथ अडिग रहेंगे।''
सिसोदिया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज राजघाट जाकर पूज्य बापू की समाधि पर अरविंद केजरीवाल जी के साथ नतमस्तक हुआ। महात्मा गांधी जी ने हमें हमेशा सत्य के रास्ते पर अडिग रहने और सत्य के लिए आत्मबल के साथ सत्याग्रह करने की प्रेरणा दी है। आज उसी मार्ग पर चलने का संकल्प और मजबूत हुआ।''
सोमवार को लिखे पत्र में महात्मा गांधी के सिद्धांतों और सत्याग्रह की भावनाओं का उल्लेख करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनका मकसद ''न्यायपालिका को मजबूत करना और उसे कमजोर होने से बचाना'' है।
इस बीच, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि ''चोर और भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल अब जेल से बचने के लिए गांधीजी के सत्याग्रह का सहारा ले रहे हैं।''
खंडेलवाल ने कहा, ''वे शराब घोटाले के भ्रष्टाचार से बचने के लिए गांधीजी का नाम ले रहे हैं? ये कैसा चोर है जो न्यायाधीश भी अपनी पसंद का चाहता है? जेल जाना तय है। केजरीवाल, ये नाटक बंद करो।''
भाषा
शफीक नरेश
नरेश
2804 1941 दिल्ली