पटियाला में रेल पटरी पर विस्फोट का प्रयास कर रहे व्यक्ति की धमाके में मौत: पुलिस
अविनाश
- 28 Apr 2026, 01:32 PM
- Updated: 01:32 PM
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (भाषा) पंजाब के पटियाला में शंभू इलाके के पास सोमवार रात मालगाड़ी कॉरिडोर की पटरी को विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरुण शर्मा ने बताया कि सोमवार रात पटरी को उड़ाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति की विस्फोट में मौत हो गई।
यह विस्फोट शंभू-अंबाला रेल पटरी के पास हुआ। पुलिस ने पहले बताया था कि घटनास्थल से एक क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है।
शुरू में इसे कम तीव्रता का विस्फोट माना गया था लेकिन बाद में जांच से पता चला कि यह पटरी को विस्फोट से उड़ाने की कोशिश थी।
पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट रात करीब 10 बजे बोथोनिया गांव के पास मालगाड़ियों के लिए निर्धारित पटरी पर हुआ।
विस्फोट के कारण पटरी को भी कुछ नुकसान पहुंचा और रेल लाइन के नीचे एक छोटा सा गड्ढा बन गया।
इस बीच, राजकीय रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मरम्मत का काम शुरू कर दिया है और रेल यातायात बहाल हो गया है।
एसएसपी ने कहा, ''देर रात हमें शंभू-हरियाणा सीमा के पास रेल पटरी पर कम तीव्रता वाले विस्फोट की सूचना मिली। मैं इसके तुरंत बाद पुलिस उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा।''
उन्होंने कहा, ''हमने पाया कि यह कम तीव्रता का विस्फोट नहीं बल्कि जानबूझकर विस्फोट कर पटरी उड़ाने का प्रयास था।''
एसएसपी ने बताया कि विस्फोट करने की कोशिश कर रहे व्यक्ति की इस दौरान मौत हो गई और उसका शव बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सिम कार्ड मिला है।
शर्मा ने कहा, ''घटनास्थल से सिम कार्ड समेत अन्य साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है।''
उन्होंने कहा, ''हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही पूरी साजिश का पर्दाफाश कर देंगे।''
एसएसपी ने कहा कि राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां जांच में शामिल हैं।
विस्फोट के बाद, एक फोरेंसिक टीम, बम रोधक दस्ता और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं।
यह तीन महीने में इस तरह की दूसरी घटना है।
इससे पहले जनवरी में फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में रेल पटरी पर हुए विस्फोट में एक इंजन क्षतिग्रस्त हो गया था और एक लोको पायलट घायल हो गया था।
भाषा यासिर मनीषा अविनाश
अविनाश
2804 1332 चंडीगढ़