दिल्ली को भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, बारिश की संभावना
माधव
- 27 Apr 2026, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार रात को धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं।
मौसम विभाग ने सोमवार से बृहस्पतिवार तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शहर में भीषण गर्मी पड़ रही है, तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। गरज-चमक और बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार से 30 अप्रैल तक धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जिसके लिए 29 अप्रैल के लिए विशेष रूप से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया, "मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह वर्तमान में मजबूत है और उत्तर-पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज रात बारिश हो सकती है और इसके मंगलवार को दिल्ली पहुंचने और 30 अप्रैल तक सक्रिय रहने की संभावना है।"
उन्होंने कहा कि राजस्थान से आगे बढ़ते हुए परिसंचरण के कारण तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिससे धूल भरी आंधी के साथ-साथ मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिन्हें मानसून पूर्व की बारिश के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है।
सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है, जिससे यह महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन बन गया। पालम में भी अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2.1 डिग्री अधिक है, जबकि लोधी रोड में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 4.4 डिग्री अधिक है।
रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 4.3 डिग्री अधिक था। इसके बाद आयानगर में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3.7 डिग्री अधिक था।
सभी स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.2 डिग्री अधिक था, जबकि पालम में 26.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.1 डिग्री अधिक था।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 0.6 डिग्री अधिक था, रिज में 25.8 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था और आयानगर में 24.4 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से लगभग 0.7 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के अनुसार, "पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलीं, जिनकी गति 37 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।"
इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में बनी हुई है, जिसका वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) 197 है।
सीपीसीबी मानकों के अनुसार, 0-50 का एक्युआई 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'अत्यंत खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा
राखी माधव
माधव
2704 2156 दिल्ली