नए स्कोरिंग ट्रेंड के साथ तालमेल बैठाने के लिए खिलाड़ियों को खुद को नए सिरे से ढालना होगा: कार्तिक
नमिता
- 26 Apr 2026, 07:33 PM
- Updated: 07:33 PM
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने रविवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार बढ़ते स्कोरिंग के आंकड़ों ने टीमों को लगातार खुद को नए सिरे से ढालने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने साथ ही इस टूर्नामेंट की तारीफ करते हुए इसे आज के क्रिकेट के लिए एक पैमाना बताया।
इस सत्र में 200 से अधिक का स्कोर बनाना आम बात हो गई है और ऐसे में कार्तिक ने माना कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए योजनाएं बनाना काफी मुश्किल हो गया है।
शनिवार को पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया।
कार्तिक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ''यह जाहिर तौर पर एक चुनौती है। बल्लेबाजी के लिहाज से आप अधिक आक्रामक होने की कोशिश करते हैं और गेंदबाजी में आप जितना हो सके बचाव करने की कोशिश करते हैं। खेल लगातार अपने स्तर को ऊपर उठा रहा है और खिलाड़ियों को इसके साथ तालमेल बैठाने के लिए खुद को नए सिरे से ढालना होगा।''
आईपीएल को 'क्रिकेट का बिल्कुल अलग ही अंदाज' बताते हुए कार्तिक ने कहा कि यह उच्च स्तर बराबरी की टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा का नतीजा है।
कार्तिक ने कहा, ''हर टीम दूसरी टीम को जीतने के लिए कुछ खास करने पर मजबूर कर रही है। प्रतिद्वंद्विता और स्तर के मामले में आप यही तो चाहते हैं। आईपीएल इस समय बहुत अच्छी स्थिति में है और कई मायनों में यह इस बात का एक उदाहरण है कि क्रिकेट और यहां तक कि खेल को कैसे खेला जाना चाहिए।''
गेंदबाजी के मोर्चे पर उन्होंने 'नए सामान्य' के दबाव को स्वीकार किया जहां 220 से अधिक के स्कोर को भी अक्सर सफलतापूर्वक हासिल कर लिया जाता है।
कार्तिक ने कहा, ''ऐसा लगता है जैसे 220 का स्कोर अब पहले के 180 जैसा हो गया है। गेंदबाजों के लिए यह एक चुनौती है क्योंकि पिच सपाट हैं और बल्लेबाजों ने अपने शॉट की रेंज और ताकत को काफी बढ़ा लिया है। एक टीम के तौर पर आपको बहुत अधिक सतर्क रहना होगा और लगातार खुद को बेहतर बनाना होगा शायद अधिक विविधता के साथ।''
कप्तान रजत पाटीदार की जमकर तारीफ करते हुए कार्तिक ने उनके प्रदर्शन में निरंतरता का श्रेय उनके लगातार आत्म-सुधार और दबाव में भी शांत रहने की क्षमता को दिया।
कार्तिक ने कहा कि पाटीदार को विराट कोहली, जोश हेजलवुड, कृणाल पंड्या और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा के मार्गदर्शन से फायदा मिलता है जिन्हें उन्होंने 'अच्छा सहयोगी' बताया। कृणाल की प्रगति पर बल्लेबाजी कोच ने इस ऑलराउंडर को अंगुली की स्पिन गेंदबाजी में 'ट्रेंडसेटर' बताया।
सीनियर खिलाड़ी कोहली के बारे में कार्तिक ने कहा कि भारत के पूर्व कप्तान अपनी तैयारी के एक स्पष्ट तरीके के साथ लगातार खुद को बेहतर बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''वह हर साल पीछे मुड़कर देखते हैं, अपने खेल का आकलन करते हैं और एक योजना के साथ वापस आते हैं। जिस तरह से वह अभ्यास करते है वह किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए एक सीख है। खेल की गति के साथ तालमेल बैठाते हुए भी मैच जिताने वाले प्रदर्शन करना वाकई कमाल की बात है।''
कार्तिक ने यह भी पुष्टि की कि सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट चोट के कारण अब भी उपलब्ध नहीं हैं और इस स्थिति में जैकब बेथेल को कोहली के जोड़ीदार के तौर पर लंबे समय तक खेलने का मौका मिल सकता है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
2604 1933 नयी दिल्ली